काशी से अयोध्या तक उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, कार्तिक पूर्णिमा पर 30 लाख लोगों ने किया स्नान

Lucknow News: कार्तिक पूर्णिमा पर यूपी के प्रमुख तीर्थस्थलों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रयागराज, काशी, अयोध्या समेत कई धार्मिक स्थलों पर 30 लाख लोगों ने पवित्र स्नान किया।

Newstrack Network
Published on: 24 Nov 2026 10:10 PM IST
काशी से अयोध्या तक उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, कार्तिक पूर्णिमा पर 30 लाख लोगों ने किया स्नान
X
AI generated image

Lucknow News: योगी सरकार में तीर्थस्थलों के विकास और धार्मिक पर्यटन को मिल रहे प्रोत्साहन के बीच कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को प्रदेश के प्रमुख तीर्थों में आस्था का महासंगम देखने को मिला। काशी से अयोध्या और प्रयागराज से नैमिषारण्य तक करीब 30 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। भोर से ही गंगा और सरयू के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हर-हर गंगे और जय श्रीराम के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने स्नान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। घाटों पर उमड़ा जनसैलाब सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था का साक्षी बना।

प्रयागराज में 10 लाख, काशी में आठ लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान

कार्तिक पूर्णिमा पर तीर्थराज प्रयागराज में सर्वाधिक करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। भोर से ही घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और दान-पुण्य कर मंगलकामना की। वहीं, धर्मनगरी काशी में करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ घाटों पर धार्मिक अनुष्ठान हुए। देव दीपावली की परंपरा से जुड़ी काशी में दिनभर उत्सव जैसा वातावरण रहा।

अयोध्या में पांच लाख श्रद्धालुओं ने किया सरयू स्नान

रामनगरी अयोध्या में करीब पांच लाख श्रद्धालुओं ने सरयू में आस्था की डुबकी लगाई। भोर से ही सरयू घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। जय श्रीराम के उद्घोष से रामनगरी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।

गढ़मुक्तेश्वर में तीन लाख, डलमऊ और नैमिषारण्य में दो-दो लाख ने किया स्नान

हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर में करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान किया। वहीं, रायबरेली के डलमऊ में करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। सीतापुर के पौराणिक तीर्थ नैमिषारण्य में भी करीब दो लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान और धार्मिक अनुष्ठान किए। सभी तीर्थस्थलों पर सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story