लखनऊ में 8 साल बाद सजेगा बागेश्वर सरकार का दरबार, 21 दिसंबर से होगी हनुमान कथा

Lucknow News: लखनऊ के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 21 से 25 दिसंबर तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमान कथा होगी। आठ साल बाद आयोजन को मिली प्रशासनिक मंजूरी, सियासी हलकों में भी चर्चा।

Ashutosh Tripathi
Published on: 17 Nov 2026 6:45 PM IST
लखनऊ में 8 साल बाद सजेगा बागेश्वर सरकार का दरबार, 21 दिसंबर से होगी हनुमान कथा
X

Lucknow News: ​लखनऊ के श्रद्धालुओं और सनातन धर्म प्रेमियों के लिए एक बड़ी ख़बर है कि बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आगामी 21 से 25 दिसंबर तक लखनऊ में पांच दिवसीय भव्य 'हनुमान कथा' का वाचन करेंगे। सरोजनीनगर के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस विशाल धार्मिक समागम के मुख्य यजमान सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और उनका परिवार होगा।

​आठ साल का सूखा खत्म, प्रशासन से मिली हरी झंडी

राजनीतिक और धार्मिक हलकों में इस आयोजन की सबसे बड़ी चर्चा यह है कि पिछले करीब आठ वर्षों से लखनऊ और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के लिए प्रशासनिक मंजूरी मिलना मुश्किल हो रहा था। इससे पूर्व यूपी में केवल प्रयागराज में ही उनकी कथा को अनुमति मिली थी, जबकि लखनऊ में कई बार प्रयास विफल हो चुके थे।

​लेकिन अब कद्दावर भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के आगे आने और उनके प्रयासों के चलते प्रशासन से हरी झंडी मिलने के बाद इस आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने खुद वीडियो जारी कर कहा है कि लखनऊ में भक्ति भी होगी, बालाजी की शक्ति भी होगी, अर्जी भी लगेगी और हनुमान दादा की मर्जी से पर्चा भी खुलेगा, जिसकी चर्चा पूरे उत्तर प्रदेश में होगी।

राजा भैया के दांव के बाद अब सियासत में एक और बड़ा धार्मिक अध्याय

​इस आयोजन के राजनीतिक निहितार्थों को हाल ही में प्रतापगढ़ के कुंडा में हुए एक अन्य चर्चित घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह ने अपने गृह क्षेत्र कुंडा में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भव्य कथा का आयोजन कराया है, राजा भैया के उस सफल और भारी भीड़ वाले आयोजन ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत संदेश दिया है, अब ठीक उसी तर्ज पर लखनऊ में सत्ताधारी दल भाजपा के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा इस कथा की मेजबानी करना राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा का विषय बन गया है।

उत्तर प्रदेश में हिंदुत्व और सनातन संस्कृति के प्रसार के साथ-साथ यह आयोजन राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों के लिहाज से भी काफी अहमियत रखता है। राजा भैया के बाद अब एक कद्दावर भाजपा विधायक द्वारा इस तरह का विराट आयोजन करवाना यह साबित करता है कि प्रदेश में धार्मिक आयोजनों और जन-संवाद का यह मंच राजनीतिक और सामाजिक संतुलन साधने का एक बड़ा माध्यम बन चुका है।​

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story