देशज उत्सव में लोक कलाओं का संगम, राजस्थान के घूमर से केरल की कथकली तक ने मोहा मन

Lucknow News: लखनऊ के देशज उत्सव में देशभर के कलाकारों ने लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक कलाओं से समां बांधा। पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने भी मंच पर पहुंचकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

Newstrack Network
Published on: 21 Nov 2026 11:03 PM IST
देशज उत्सव में लोक कलाओं का संगम, राजस्थान के घूमर से केरल की कथकली तक ने मोहा मन
X

Lucknow News: भारत की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में ‘देशज उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन शनिवार को लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने मंच पर पहुंचकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में बेहतरीन प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने सम्मानित किया।


योगी सरकार में लोक संस्कृति को लगातार बढ़ावा मिल रहा है। इसी के तहत देशभर की लोक संस्कृतियों को एक मंच पर आने का मौका मिला। कार्यक्रम के दौरान ..हमरे अंचला के छइयां जुड़ाल्या बलमा सुनकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इसके बाद उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोकनाट्य नकटौरा ने लोगों को खूब आनंदित किया। इस आयोजन से लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक कलाओं के जरिए नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ा गया। वहीं, आल्हा गायिका संजू बघेल के ...दुखियों के दुख हरने वाली और विवाह गीत ..नगर में खुशियां, ..रघुपति राघव राजा राम सुनकर लोग झूमने लगे।

इस अवसर पर अतिथियों ने देशज उत्सव को भारतीय लोक संस्कृति, लोक परंपराओं एवं देश की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बताया। कहा कि ऐसे उत्सव हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने के साथ-साथ लोक कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

सोन चिरैया की 15 वर्षों की सांस्कृतिक साधना से उपजा देशज उत्सव भारत की मिट्टी की महक, लोक जीवन की लय और सांस्कृतिक आत्मा को समर्पित एक विशेष पहल है। देश के विभिन्न प्रांतों से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोक कलाओं एवं प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पारंपरिक कलाओं से भारतीय संस्कृति के विविध रंग हुए जीवंत

मंच पर राजस्थान की तेरह ताली, चकरी एवं घूमर, गुजरात का भवई, महाराष्ट्र की लावणी, सिक्किम का याक छम एवं सिंघी छम, मध्य प्रदेश का गेंड़ी जनजातीय लोकनृत्य एवं आल्हा-संजू, पश्चिम बंगाल का छऊ पुरुलिया, पंजाब के लोकगीत, ओडिशा का बोंडा जनजातीय लोकनृत्य, उत्तर प्रदेश का धोबिया लोकनृत्य एवं नौटंकी तथा केरल की कथकली जैसी विविध लोक एवं पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति के विविध रंगों को जीवंत कर दिया।

विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत को मिला साझा मंच

दो दिवसीय देशज उत्सव के दौरान विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत को साझा मंच मिला। उत्सव के दूसरे दिन लोकसंगीत, लोकनृत्य एवं पारंपरिक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं। देशज उत्सव के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का संदेश देते हुए लोक कलाओं की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान लखनऊ विश्वविद्यालय के वीसी प्रो. जेपी सैनी, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. मांडवी सिंह समेत तमाम गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story