TRENDING TAGS :
पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर के आवास में सेंधमारी की कोशिश, CCTV तारों से छेड़छाड़
Lucknow News: लखनऊ में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर के आवास में सेंधमारी की कोशिश से हड़कंप मच गया। मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और CCTV कैमरों के तारों से छेड़छाड़ की गई।
Lucknow News: लखनऊ गोमतीनगर के विरामखंड इलाके में स्थित पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर के आवास में चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है. घटना के समय मकान में रहने वाले लोग बाहर गए हुए थे, और लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला।
लौटे तो टूटा मिला मुख्य गेट का ताला
आवास के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले शिव कुमार अपनी पत्नी विनीता के साथ 20 नवंबर को पैतृक गांव गए थे, दोनों 22 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे वापस लौटे तो मुख्य लोहे के गेट का ताला टूटा पाया गया, इसके अलावा दूसरी मंजिल पर छत का दरवाजा भी खुला मिला।
रिकॉर्डिंग बाधित करने के लिए CCTV से छेड़छाड़
शिव कुमार ने बताया कि मकान में लगे CCTV कैमरों के तारों से भी छेड़छाड़ की गई है. आशंका जताई जा रही है कि घर में घुसने की कोशिश करने वाले ने अपनी पहचान व गतिविधियां छिपाने या कैमरों की रिकॉर्डिंग रोकने के उद्देश्य से तारों से छेड़छाड़ की. हालांकि, शुरुआती पड़ताल में किसी सामान के चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई है।
शहर से बाहर हैं अमिताभ ठाकुर व नूतन ठाकुर
शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी नूतन ठाकुर फिलहाल शहर से बाहर हैं. उनके लौटने के बाद मकान की गहन जांच की जाएगी, और यदि कोई सामान गायब पाया जाता है या कोई अन्य जानकारी सामने आती है, तो पुलिस को अवगत कराया जाएगा। गोमतीनगर इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और CCTV फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।


