एक सदी बाद अवध के खेतों में फिर लहलहाई नील की खेती, फ्रांस के 22 छात्रों ने देखी विरासत की वापसी

Lucknow News: लखनऊ में करीब एक सदी बाद फिर से नील की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। फ्रांस के 22 छात्रों ने अमेजिंग फार्म पहुंचकर इसकी ऐतिहासिक विरासत और पूरी प्रक्रिया को समझा।

Ashutosh Tripathi
Published on: 21 Nov 2026 5:53 PM IST
एक सदी बाद अवध के खेतों में फिर लहलहाई नील की खेती, फ्रांस के 22 छात्रों ने देखी विरासत की वापसी
X

(फोटो-आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow News: करीब एक सदी बाद अवध के खेतों में प्राकृतिक नील की खेती फिर से अपनी पहचान बना रही है। लखनऊ में एएमए हर्बल ग्रुप की पहल पर पुनर्जीवित हो रही इस ऐतिहासिक खेती को देखने शुक्रवार को फ्रांस के लियोन शहर से आए 22 छात्र कुर्सी रोड स्थित अमेजिंग फार्म पहुंचे। यहां छात्रों ने न केवल नील की खेती और उसके ऐतिहासिक महत्व को समझा, बल्कि पौधों से प्राकृतिक रंग तैयार करने की पूरी प्रक्रिया भी देखी। खास बात यह रही कि यह दौरा भारत और फ्रांस के ऐतिहासिक रिश्तों को जोड़ने वाले क्लॉड मार्टिन की विरासत से भी जुड़ा रहा।

ला मार्टिनियर कॉलेज लखनऊ की ओर से इंटर-मार्टिनियर एजुकेशनल मीट के तहत आयोजित इस दौरे का विषय 'नीला धागा (Le Fil Bleu): अवध के खेतों में नील की वापसी' रखा गया था। फ्रांस के एलजीटी ला मार्टिनियर डिडेरो के छात्रों का नेतृत्व कैरीन स्कोवरोनेक ने किया।

एएमए हर्बल पिछले पांच वर्षों से प्राकृतिक नील की खेती को दोबारा बढ़ावा देने में जुटा है। कंपनी के मुताबिक, आधुनिक तकनीक से होने वाली इस खेती में सामान्य खेती की तुलना में करीब 70 प्रतिशत कम पानी खर्च होता है। सहयोगी किसानों को खेती में तकनीकी मदद देने के साथ उनकी उपज भी खरीदी जाती है। कंपनी का दावा है कि किसान मेंथा की तुलना में नील की खेती से प्रति एकड़ करीब दोगुनी कमाई कर रहे हैं। नील की खेती के बाद खेतों में सरसों और पिपरमिंट की पैदावार भी हो रही है।

दरअसल नील का अवध से रिश्ता करीब ढाई सौ साल पुराना है। फ्रांस के लियोन में जन्मे क्लॉड मार्टिन अवध के नवाब के यहां शस्त्रागार अधीक्षक रहे थे। उन्होंने भारत में नील का कारोबार भी किया और कानपुर के आसपास कई नील फैक्ट्रियां स्थापित की थीं। उनकी वसीयत से लखनऊ, लियोन और कोलकाता में ला मार्टिनियर के सात शिक्षण संस्थान स्थापित हुए। एएमए हर्बल के सीईओ डॉ. यावर अली शाह ने कहा कि प्राकृतिक नील की वापसी केवल खेती को बढ़ावा देने की पहल नहीं, बल्कि ऐतिहासिक विरासत को फिर से जीवित करने का प्रयास है। वहीं, कॉलेज के प्रिंसिपल गैरी डोमिनिक एवरेट ने इसे भारत और फ्रांस की साझा विरासत को करीब से समझने का अनूठा अवसर बताया।

दौरे के दौरान छात्रों ने नील की पत्तियों की कटाई से लेकर उनसे रंग निकालने और पेस्ट तैयार करने तक की प्रक्रिया देखी। स्वागत के लिए भारत और फ्रांस के राष्ट्रीय ध्वज भी प्राकृतिक रंगों से तैयार किए गए थे।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story