TRENDING TAGS :
लखनऊ में स्लीपर बस रुकवाकर 844 ग्राम सोना लूटा, पुलिस सिपाही और DRI कर्मी समेत 5 गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ में स्लीपर बस रुकवाकर 844 ग्राम सोना लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में पुलिस सिपाही और DRI कर्मी समेत पांच लोग शामिल हैं।
(इमेज क्रेडिट-आशुतोष त्रिपाठी)
Lucknow News: लखनऊ में वर्दी और सरकारी पद का दुरुपयोग कर हाईवे पर लूट करने वाले एक संगठित गिरोह को पुलिस ने बेनकाब कर दिया है। सुशान्त गोल्फ सिटी थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें लखनऊ में तैनात एक पुलिस सिपाही और राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) का एक कर्मी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 844 ग्राम सोना, 1.82 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर निवासी और फिलहाल नई दिल्ली के करोल बाग में रह रहे सर्राफा कारोबारी महेन्द्र दास अपने जीजा छोटू साहू के साथ सोने के आभूषण तैयार कर व्यापारियों को सप्लाई करते हैं। 20 नवंबर को जौनपुर में आभूषण पहुंचाने के बाद वे 21 नवंबर की रात खजुराहो ट्रैवल्स की स्लीपर बस से दिल्ली जा रहे थे। रात करीब 1:30 बजे सुशान्त गोल्फ सिटी इलाके के खुर्दही बाजार स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास स्विफ्ट डिजायर कार सवार बदमाशों ने बस रुकवाई। खुद को जौनपुर पुलिस का जवान बताकर तस्करी का झूठा आरोप लगाया गया और महेन्द्र दास को बस से उतारकर कार में बिठा लिया गया। उनका मोबाइल, नकदी और सोने से भरा बैग लूटकर पीछे चल रही स्कॉर्पियो में बैठे साथियों को सौंपा गया और फिर उन्हें सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
पीड़ित की शिकायत पर 25 नवंबर को मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर 10 टीमें गठित की गईं। लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने गुरुवार को सोने के बंटवारे से पहले ही पांचों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में सुनार प्रीतम सोनी, DRI लखनऊ का MTS कर्मी अविनाश शाही, बैंक ऑफ बड़ौदा का सुरक्षा गार्ड राहुल चौहान, पुलिस सिपाही दुर्गेश कुमार कुशवाहा और कारीगर तिलक मांझी शामिल हैं। जौनपुर के सिपाही विनय शंकर, रविशंकर, सागर सेठ और एक अज्ञात की तलाश जारी है।
जांच में सामने आया कि परिचित कारीगर तिलक मांझी और सुनार प्रीतम सोनी ने लूट की साजिश रची थी। DRI कर्मी अविनाश शाही ने बस में सफर कर कारोबारी की पुष्टि की और साथियों को संकेत दिया, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया।


