यूपी में फिर खिलेगा कमल! अमित शाह बोले- तीसरी बार भाजपा सरकार बनी तो लागू होगा UCC

Lucknow News: लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधा। 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने का दावा किया और कार्यकर्ताओं को जमीन पर काम करने का मंत्र दिया।

Rajan Kashyap
Published on: 30 Oct 2026 4:14 PM IST
यूपी में फिर खिलेगा कमल! अमित शाह बोले- तीसरी बार भाजपा सरकार बनी तो लागू होगा UCC
X

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पार्टी के मिशन-2027 का रोडमैप सामने रखा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया। साथ ही बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी।

अंगद के पैर जैसी भाजपा सरकार, कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पैर जैसी है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह मछली की आंख पर निशाना रखने और 2027 के चुनाव को ध्यान में रखकर काम करने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि पार्टी को बेहतर प्रदर्शन करना है तो नेताओं और कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरकर काम करना होगा। संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर सक्रियता ही चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

2014 और 2017 के चुनावों का भी किया जिक्र

अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के पुराने चुनावी प्रदर्शन को याद करते हुए कहा कि 2014 में प्रदेश में पार्टी के पास केवल 44 विधायक थे। संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने तहसील स्तर तक काम किया। इसके बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीटें हासिल कीं। वहीं 2017 के विधानसभा चुनाव में करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटों पर जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत हो तो चुनावी नतीजे भी बदलते हैं।

राम मंदिर और 30 अक्टूबर की घटना का किया जिक्र

शाह ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं और दूसरी तरफ भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प पूरा किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का भी जिक्र किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी और योगी सरकार ने केंद्रीय योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने प्रदेश में माफिया के खिलाफ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी योगी सरकार की सराहना की।

भाजपा की यह प्रदेश कार्यसमिति बैठक 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। दो दिवसीय बैठक में संगठन की मजबूती, सरकार के कामकाज और आगामी चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है।

Rajan Kashyap
ABOUT THE AUTHOR

Rajan Kashyap

Reporter - LucknowRajan.kashyap47@gmail.com
Next Story