TRENDING TAGS :
अमित शाह के बयान पर आराधना मिश्रा का पलटवार, पूछा- पिछले सत्र में कहां थे PM और गृह मंत्री?
Lucknow News: मतदाता सूची से 13 करोड़ नाम काटे जाने के आरोप पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग को घेरा। आराधना मिश्रा ने अमित शाह के विशेष संसद सत्र वाले बयान पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पिछले सत्र में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री कहां थे?
आराधना मिश्रा ने अमित शाह के बयान पर उठाए सवाल
Lucknow News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची से कथित तौर पर 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने के मुद्दे पर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जवाब देना चाहिए, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से जवाब देने के बजाय भारतीय जनता पार्टी के नेता उसका बचाव करते नजर आ रहे हैं।
(वीडियो क्रेडिट-राजन कश्यप)
इस दौरान आराधना मिश्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि विपक्ष इस मुद्दे पर चर्चा के लिए विशेष संसद सत्र बुलाने की मांग कर सकता है। न्यूज़ ट्रैक के रिपोर्टर राजन कश्यप की ओर से इसी बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में आराधना मिश्रा ने कहा कि विपक्ष ने पिछला संसद सत्र भी देखा है। उस सत्र के दौरान प्रधानमंत्री और गृह मंत्री संसद में मौजूद नहीं हुए थे। ऐसे में अब विशेष संसद सत्र बुलाने की बात कहकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
आराधना मिश्रा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और गृह मंत्री अमित शाह के चुनाव आयोग के समर्थन में सड़क पर उतरने को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर गृह मंत्री तक सभी लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए सड़कों पर उतर आए हैं। लोकतंत्र और राजनीतिक इतिहास में उन्होंने पहली बार ऐसा देखा है कि सत्ता पक्ष ही विपक्ष के खिलाफ विरोध मार्च निकाल रहा है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि जब विपक्ष मतदाता सूची में नाम काटे जाने को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांग रहा है, तो भाजपा के नेता उसका जवाब क्यों दे रहे हैं? उनका कहना था कि जवाब देने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है, न कि भाजपा की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने के बजाय सत्ता पक्ष उसके बचाव में खड़ा हो गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आराधना मिश्रा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के नाम काटे जाने का मामला केवल राजनीतिक दलों का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह देश के नागरिकों के मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा सवाल है।
दरअसल, SIR और कथित वोट कटौती को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव लगातार बढ़ रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष को संसद में इस मुद्दे पर चर्चा की चुनौती देते हुए विशेष सत्र बुलाने की बात कही है। वहीं कांग्रेस इस मुद्दे पर चुनाव आयोग की जवाबदेही और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठा रही है।


