मिशन-2027: यूपी बीजेपी के 24 प्रकोष्ठों की पहली बैठक शुरू, वीडी शर्मा और धर्मपाल सिंह ने संभाली कमान

Lucknow News: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने संगठन मजबूत करने की तैयारी तेज की। लखनऊ में 24 प्रकोष्ठों की पहली बैठक में वीडी शर्मा और धर्मपाल सिंह मौजूद रहे।

Rajan Kashyap
Published on: 2 Nov 2026 4:13 PM IST
मिशन-2027: यूपी बीजेपी के 24 प्रकोष्ठों की पहली बैठक शुरू, वीडी शर्मा और धर्मपाल सिंह ने संभाली कमान
X

मिशन-2027 की तैयारी में जुटी यूपी बीजेपी  (फोटो-राजन कश्यप)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी तेज कर दी है। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ अब पार्टी समाज के अलग-अलग वर्गों तक अपनी पहुंच बनाने के लिए 24 प्रकोष्ठों को सक्रिय करने में जुट गई है। इसी कड़ी में सोमवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सभी 24 प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की पहली बैठक शुरू हो गई है।

(वीडियो क्रेडिट-राजन कश्यप)

बैठक में मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संकुल प्रकोष्ठ संयोजक वीडी शर्मा और उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मौजूद हैं। दोनों नेता प्रकोष्ठों के संयोजकों, सह संयोजकों और पदाधिकारियों के साथ संवाद कर रहे हैं।

दरअसल, भाजपा ने 31 अक्टूबर को प्रदेश के 24 प्रकोष्ठों के संयोजकों, सह संयोजकों और सदस्यों की सूची जारी की थी। इसके जरिए पार्टी ने संगठन में सैकड़ों पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। सूची जारी होने के बाद इन सभी प्रकोष्ठों की यह पहली बड़ी बैठक है।


बैठक में सभी प्रकोष्ठों को भाजपा सरकार के 10 वर्षों के कामकाज और उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। पार्टी की मंशा है कि प्रत्येक प्रकोष्ठ अपने कार्यक्षेत्र और उससे जुड़े सामाजिक एवं व्यावसायिक वर्गों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और संगठन के कामकाज की जानकारी पहुंचाए।

(वीडियो क्रेडिट-राजन कश्यप)

इसके साथ ही संगठन से नाराज चल रहे कार्यकर्ताओं को मनाने और उन्हें दोबारा सक्रिय करने की जिम्मेदारी भी प्रकोष्ठों को दी जा रही है। पार्टी चाहती है कि प्रकोष्ठों और मुख्य संगठन के बीच बेहतर समन्वय बना रहे, जिससे संगठन की गतिविधियां केवल कागजों तक सीमित न रहें और उनका असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे।

भाजपा की इस पूरी कवायद का केंद्र मिशन-2027 है। पार्टी बूथ से लेकर सामाजिक और पेशेवर समूहों तक अपनी संगठनात्मक पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है। बैठक में प्रकोष्ठों को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सक्रिय भूमिका निभाने और अपने-अपने क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने की दिशा दी जा रही है।

पार्टी का घोषित लक्ष्य 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का है। ऐसे में 24 प्रकोष्ठों को सक्रिय करने की यह बैठक भाजपा की चुनावी तैयारियों की अहम कड़ी मानी जा रही है।

Rajan Kashyap
ABOUT THE AUTHOR

Rajan Kashyap

Reporter - LucknowRajan.kashyap47@gmail.com
Next Story