TRENDING TAGS :
यूपी के युवाओं और किसानों को बड़ी सौगात, 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र देंगे सीएम योगी
Lucknow News: सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। साथ ही किसानों के 4,300 परिवारों को 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देंगे।
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के युवाओं और किसानों के लिए बुधवार का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 नवंबर को लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात देंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में किया जाएगा। इन अभ्यर्थियों का चयन निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। नियुक्ति पत्र मिलने के साथ ही चयनित युवाओं के सरकारी सेवा में शामिल होने का रास्ता साफ होगा।
4,300 किसान परिवारों को मिलेगी 215 करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों और उनके परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा की सौगात देंगे। 'मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना' के अंतर्गत 4,300 लाभार्थी परिवारों के खातों में कुल 215 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य कृषि कार्यों के दौरान दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित किसान परिवारों को आर्थिक सहारा देना है।
इस सहायता से दुर्घटना के कारण प्रभावित हुए परिवारों को आर्थिक मुश्किलों से उबरने में मदद मिलेगी। सरकार का कहना है कि योजना के माध्यम से किसानों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने के साथ ही किसान परिवारों के लिए आर्थिक सहायता वितरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


