लखनऊ में छठ की भव्य तैयारी, 110 घाटों पर उमड़ेगी भीड़; मालिनी अवस्थी समेत 100 कलाकार देंगे प्रस्तुति

Lucknow Chhath Puja 2026: लखनऊ में छठ महापर्व की भव्य तैयारी है। लक्ष्मण मेला मैदान समेत 110 घाटों पर पूजा होगी। मालिनी अवस्थी सहित 100 कलाकार सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति देंगे।

Ashutosh Tripathi
Published on: 11 Nov 2026 4:48 PM IST
लखनऊ में छठ की भव्य तैयारी, 110 घाटों पर उमड़ेगी भीड़; मालिनी अवस्थी समेत 100 कलाकार देंगे प्रस्तुति
X

लखनऊ में छठ पूजा को लेकर घाटों पर तैयारियां तेज (फोटो-आशुतोष त्रिपाठी)

Lucknow Chhath Puja 2026: लोक आस्था और प्रकृति उपासना के महापर्व छठ को लेकर लखनऊ पूरी तरह भक्ति के रंग में रंगने लगी है। गोमती तट स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मण मेला मैदान में इस वर्ष अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के संयोजन में 43वें छठ महापर्व का भव्य व दिव्य आयोजन किया जा रहा है। शहर के छोटे-बड़े 110 घाटों पर लाखों व्रती सूर्य देव और छठी मइया की उपासना करेंगे, जिसके लिए प्रशासनिक स्तर और सामाजिक संस्थाओं द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।


सांस्कृतिक संध्या में गूंजेंगे लोकगीत, मालिनी अवस्थी करेंगी अगुवाई

​पर्व के मुख्य दिन 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से लक्ष्मण मेला मैदान में भव्य सांस्कृतिक संध्या सजेगी। इसमें पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध लोकगायिका मालिनी अवस्थी के साथ देश भर से आए 100 से अधिक लोक कलाकार पारंपरिक छठ गीतों की प्रस्तुति देंगे। 'कांच ही बांस के बहंगिया' और 'केरवा जे फरेला घवद से' जैसे पारंपरिक गीतों के जरिए कलाकार छठी मइया की महिमा का गुणगान करेंगे।

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे मुख्य अतिथि

​अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि 15 नवंबर को लक्ष्मण मेला घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करने के मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

​शहर भर के 110 घाटों पर आस्था का सैलाब

लक्ष्मण मेला मैदान मुख्य केंद्र होने के साथ-साथ गोमती के अन्य प्रमुख तटों पर भी व्यापक स्तर पर पूजन होगा। शहर के 110 स्थानों पर व्रतियों के लिए वेदियों का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें प्रमुख रूप से झूलेलाल वाटिका घाट एवं मनकामेश्वर उपवन और कुड़िया घाट मुख्य होंगे।


व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त

​घाटों पर बाढ़ के बाद जमा सिल्ट की सफाई और रंगाई-पुताई का काम पूरा कर लिया गया है। गोमती जल को स्वच्छ रखने के लिए बैरिकेडिंग और जालीदार घेरे लगाए गए हैं। महिलाओं के वस्त्र बदलने के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम, बायो-टॉयलेट, पेयजल टैंकर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर जल पुलिस और गोताखोरों की तैनाती के साथ ही लक्ष्मण मेला स्थल और कुड़िया घाट के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन व पार्किंग के विशेष प्रबंध किए गए हैं।​

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story