मलिहाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: पुलिस की लापरवाही ने छीनी मासूम की जान

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान 13 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली। परिजनों की शिकायत पर कार्रवाई न करने के आरोप में चौकी प्रभारी सस्पेंड।

Ashutosh Tripathi
Published on: 3 Nov 2026 5:14 PM IST
मलिहाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: पुलिस की लापरवाही ने छीनी मासूम की जान
X

मलिहाबाद में छात्रा की मौत के बाद पुलिस कार्रवाई (इमेज क्रेडिट-आशुतोष त्रिपाठी)

​Lucknow News: महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर शासन व पुलिस प्रशासन के सख्त दावों के बीच राजधानी के मलिहाबाद थाना क्षेत्र से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गांव के ही एक दबंग युवक द्वारा लगातार की जा रही छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकियों से तंग आकर 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि थाने और चौकी के चक्कर काटने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपी के हौसले बुलंद थे। छात्रा की मौत के बाद हरकत में आई पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं मामले में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

फंदे से लटकता मिला शव, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

​मृतक छात्रा के पिता पेशे से मजदूर हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह वह अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ जरूरी घरेलू सामान लेने बाजार गए थे। दोपहर करीब 12 बजे जब परिवार घर लौटा, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर पैरों तले जमीन खिसक गई; बेटी साड़ी के सहारे फंदे से लटक रही थी। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर छात्रा को नीचे उतारा गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

13 अक्टूबर को घर में घुसकर की थी बदसलूकी

​बिलखते पिता ने आरोप लगाया कि गांव का दबंग हंस कुमार शुक्ला पिछले कई महीनों से उनकी बेटी को स्कूल आते-जाते रास्ते में परेशान कर रहा था और उस पर दबाव बना रहा था। 13 अक्टूबर को जब छात्रा घर में अकेली थी, तब आरोपी नशे की हालत में जबरन घर में घुस आया। उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ व गाली-गलौज की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से छात्रा गहरे मानसिक तनाव और दहशत में जी रही थी।

​5 महीने पहले पिता पर किया था चाकू से हमला, पुलिस ने कराया था 'सुलह'

​परिजनों के अनुसार, करीब पांच महीने पहले जब आरोपी की हरकतों का विरोध किया गया था, तब हंस कुमार, उसके भाई विनय कुमार, माता रामलली और पिता श्याम सुन्दर ने छात्रा के पिता पर जानलेवा हमला बोल दिया था और चाकू मारकर घायल कर दिया था। उस समय चौकी पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों में जबरन सुलह कराकर मामला रफा-दफा कर दिया था। परिजनों का कहना है कि यदि उसी समय पुलिस ने सख्त कदम उठाया होता, तो आज उनकी बेटी जिंदा होती।

साहिलामऊ क्रॉसिंग से दबोचा गया आरोपी, चौकी प्रभारी सस्पेंड

​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर गठित मलिहाबाद पुलिस टीम ने साहिलामऊ क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी हंस कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 107, 351(3), 115(2) व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पूछताछ में आरोपी ने पूर्व के विवाद की बात स्वीकार की है।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story