'संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर घूम रहे', योगी ने कांग्रेस-सपा को घेरा

संविधान दिवस पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला बोला। बोले- संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। यूपी में 3,955 आंबेडकर मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण का शुभारंभ किया।

Alakha Singh
Published on: 26 Nov 2026 12:48 PM IST
संविधान का गला घोंटने वाले आज लाल किताब लेकर घूम रहे, योगी ने कांग्रेस-सपा को घेरा
X

लखनऊ: संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया, वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष की जागीर नहीं है, बल्कि देश का आम नागरिक ही इसका वास्तविक संरक्षक है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ स्थित लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया। साथ ही उप मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई।

3,955 आंबेडकर मूर्ति स्थलों का होगा कायाकल्प

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों से जुड़े 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया जा रहा है।

इन स्थलों पर जरूरत के अनुसार छतरी, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के अन्य इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही परिसर में फुलवारी भी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल बाबा साहेब के साथ संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि जैसे महापुरुषों के योगदान के प्रति सम्मान प्रकट करने का प्रयास है।

कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया: योगी

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनके जीवनकाल में सम्मान नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न तक नहीं दिया।

योगी ने समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया था, जिसे भाजपा सरकार ने दोबारा बहाल किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने महापुरुषों के सम्मान को प्राथमिकता देते हुए उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा है। इसके अलावा महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज स्थापित किया गया। अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

संविधान ने पहले दिन से दिया मतदान का अधिकार

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संविधान 145 करोड़ देशवासियों का गौरव और मार्गदर्शक है। दुनिया के कई देशों में जाति, रंग और लिंग के आधार पर नागरिकों को लंबे समय तक मतदान के अधिकार से वंचित रखा गया, लेकिन भारत में संविधान लागू होने के पहले दिन से ही प्रत्येक वयस्क नागरिक को बिना किसी भेदभाव के मताधिकार दिया गया।

उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द 'हम भारत के लोग' स्पष्ट करते हैं कि देश की वास्तविक संप्रभुता जनता में निहित है। विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच संतुलन लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है।

पहले कर्फ्यू और दंगे थे यूपी की पहचान: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कभी कर्फ्यू, दंगे, माफिया और घोटाले आम बात हुआ करते थे। अपराधियों और माफिया को संरक्षण मिलता था। युवाओं को नौकरियों के लिए संघर्ष करना पड़ता था और पेपर लीक, नकल तथा भर्ती में वसूली जैसी समस्याएं व्यवस्था पर हावी थीं।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश में कानून का शासन स्थापित किया है। कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की सबसे बड़ी गारंटी है। सरकार ने गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है।

कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी: केशव प्रसाद मौर्य

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का डीएनए संविधान विरोधी है। कांग्रेस और सपा को 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकार किए जाने के महत्व की याद नहीं आती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कराई।

मौर्य ने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में आजम खान ने बाबा साहेब को भूमाफिया कहा था, लेकिन तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस पर मुस्कुराते रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने गरीबों, पिछड़ों और वंचितों के हितों की अनदेखी की।

बाबा साहेब के नाम पर राजनीति, सिद्धांतों पर अमल नहीं: ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस समेत कई राजनीतिक दल बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का नाम लेकर राजनीति तो करते हैं, लेकिन उनके विचारों और सिद्धांतों पर अमल नहीं करते।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास कराया। पाठक ने कांग्रेस पर सत्ता बचाने, वोट बैंक की राजनीति और तुष्टीकरण के लिए संविधान में संशोधन करने का आरोप भी लगाया।

आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने देश को जेलखाना बनाया: सुरेश खन्ना

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि संविधान की किताब लेकर घूमने वाली कांग्रेस ने ही देश में आपातकाल लगाया था। उस दौरान प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाया गया और लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित कर देश को जेलखाना बना दिया गया।

उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और ब्याज के उपलब्ध कराया जा रहा है।

आंबेडकर स्थलों को विकसित करेगी सरकार: असीम अरुण

समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि सरकार बाबा साहेब की प्रतिमाओं को आंबेडकर तीर्थ के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इन परिसरों में छतरी, बाउंड्री वॉल, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि संत रविदास, कबीरदास और ज्योतिबा फुले सहित अन्य महापुरुषों से जुड़े स्थलों का भी संरक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

संविधान दिवस पर विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य अतिथियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर संविधान दिवस पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

संविधान के मूल्यों पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में नवयुग कन्या इंटर कॉलेज की सगुण श्रीवास्तव ने पहला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बीकेटी की फायजा ने दूसरा और तालीम गाहे निस्वा इंटर कॉलेज की तूबा अनीस ने तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं, निबंध प्रतियोगिता में बाल निकुंज इंटर कॉलेज की दिव्या प्रथम, हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राजकीय हाईस्कूल खंतारी के राज तृतीय स्थान पर रहे। मुख्यमंत्री ने सभी छह विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री सुरेश खन्ना और असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल, प्रमुख सचिव संसदीय कार्य जेपी सिंह और डीजीपी राजीव कृष्ण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story