TRENDING TAGS :
नवरात्रि पर CM योगी का बड़ा संदेश, यूपी की बेटियों को लेकर कही ये बात
Women Empowerment in Uttar Pradesh: शारदीय नवरात्रि पर CM योगी ने यूपी में महिला सशक्तीकरण की उपलब्धियां गिनाईं। महिला कार्यबल भागीदारी 36% से अधिक और 50% से ज्यादा स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाओं के हाथ में है।
Yogi Adityanath
Women Empowerment in Uttar Pradesh: शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के क्षेत्र में आए बदलावों को रेखांकित किया। मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाने के साथ ही नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले जिन बेटियों के लिए घर की चौखट पार करना भी चुनौती थी, आज वही बेटियां नाइट शिफ्ट में काम कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 50 प्रतिशत से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व आज नारी शक्ति कर रही है। वहीं, महिला कार्यबल भागीदारी दर 12 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत से अधिक हो गई है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह महिलाओं के बढ़ते विश्वास और उनके लिए उपलब्ध अवसरों के विस्तार का स्पष्ट प्रमाण है।
माताओं के स्वास्थ्य से बेटियों के भविष्य तक योजनाओं का संबल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मातृशक्ति के स्वास्थ्य से लेकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य तक डबल इंजन सरकार की कल्याणकारी योजनाएं नारी सशक्तीकरण को लगातार मजबूती प्रदान कर रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान के माध्यम से माताओं एवं शिशुओं के स्वास्थ्य और पोषण को संबल मिला है।
वहीं, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर रही हैं। सरकार की इन पहलों का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।
मिशन शक्ति से सेफ सिटी तक, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाओं और पहलों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलें महिलाओं के लिए नए रास्ते खोल रही हैं।
इन योजनाओं के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, शिक्षा के अवसर बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
'सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश' का संकल्प
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में भारतीय संस्कृति के आदर्श 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः' का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसी भावना को आत्मसात कर प्रदेश की डबल इंजन सरकार आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश' के माध्यम से 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के संकल्प को साकार करने की दिशा में सरकार निरंतर अग्रसर है। नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मुख्यमंत्री का संदेश महिला सुरक्षा, सम्मान, आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करता है।


