TRENDING TAGS :
UP Cabinet Decisions: योगी कैबिनेट की बैठक खत्म, पंचायत चुनाव से मेट्रो प्रोजेक्ट तक कई बड़े फैसलों को मंजूरी
UP Cabinet Decisions: राजधानी लखनऊ में हुई योगी कैबिनेट बैठक में 12 बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। पंचायत चुनाव आयोग गठन, आगरा और लखनऊ मेट्रो प्रोजेक्ट, लोहिया संस्थान में इमरजेंसी सेंटर और पशु चिकित्सा छात्रों के भत्ते में बढ़ोतरी जैसे अहम फैसले लिए गए।
Image Source- Ai
UP Cabinet Decisions: राजधानी लखनऊ में सोमवार को हुई योगी कैबिनेट की अहम बैठक में कई बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में कुल 12 प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में पंचायत चुनाव, मेट्रो परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए है।
पंचायत चुनाव को लेकर आयोग गठन को मंजूरी
इस कैबिनेट बैठक में पंचायत चुनाव से संबंधित आयोग के गठन को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन पर भी कैबिनेट ने सहमति जताई। यह आयोग पंचायत चुनाव में आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर काम करेगा और सरकार को छह महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। सरकार का मानना है कि आयोग की रिपोर्ट आने के बाद पंचायत चुनाव में आरक्षण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
मिर्जापुर में बनेगा बड़ा उपकेंद्र
वहीं इस बैठक में मिर्जापुर में 765/400 केवी उपकेंद्र निर्माण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी और भविष्य की बढ़ती जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
लोहिया संस्थान में बनेगा 1010 बेड का इमरजेंसी सेंटर
वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी बड़ा फैसला लिया गया है। कैबिनेट ने लखनऊ स्थित लोहिया संस्थान में 1010 बेड के इमरजेंसी सेंटर के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार का कहना है कि इससे गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित इलाज मिल सकेगा।
आगरा और लखनऊ मेट्रो परियोजनाओं को मिली मंजूरी
इस कैबिनेट बैठक में आगरा मेट्रो रेल प्रोजेक्ट से जुड़े प्रस्ताव को भी पास कर दिया गया। वहीं लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर की डीपीआर को भी मंजूरी मिल गई है।
इस परियोजना के तहत चारबाग से वसंतकुंज तक मेट्रो निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। माना जा रहा है कि इससे राजधानी में यातायात व्यवस्था को काफी राहत मिलेगी।
पशु चिकित्सा छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते में बड़ी बढ़ोतरी
वहीं योगी सरकार ने पशु चिकित्सा छात्रों को भी बड़ी राहत दी है। कैबिनेट ने इंटर्नशिप भत्ते में तीन गुना बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। अब छात्रों को 4 हजार रुपये की जगह 12 हजार रुपये भत्ता मिलेगा। सरकार के इस फैसले से पशु चिकित्सा के छात्रों में खुशी का माहौल है।


