TRENDING TAGS :
संविधान दिवस पर CM योगी का बड़ा ऐलान, यूपी में 4,030 महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों का होगा विकास
Yogi Adityanath: संविधान दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना का शुभारंभ किया। पहले चरण में यूपी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में 4,030 प्रतिमा स्थलों के विकास पर 403 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
Yogi Adityanath
Yogi Adityanath: संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महापुरुषों के सम्मान और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बड़ी पहल की शुरुआत की। बुधवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश में प्रतिमा स्थलों के विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस योजना के पहले चरण में प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में 4,030 प्रतिमा स्थलों का विकास किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 403 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ भी किया। उन्होंने संविधान के मूल सिद्धांतों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
पहले चरण में 403 करोड़ रुपये होंगे खर्च
डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत पहले चरण में प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में 4,030 प्रतिमा स्थलों को विकसित किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में महापुरुषों की प्रतिमाओं के स्थलों का विकास और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस काम के लिए कुल 403 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
योजना के तहत प्रतिमा स्थलों पर छत, बाउंड्रीवाल, सीढ़ियां और फिनिशिंग का काम कराया जाएगा। इसके अलावा इन स्थानों पर हरियाली बढ़ाने, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाएंगे। महापुरुषों की प्रतिमाओं के साथ उनके जीवन, इतिहास और योगदान की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
कार्यक्रम में दोनों डिप्टी सीएम समेत कई मंत्री रहे मौजूद
लोकभवन में आयोजित संविधान दिवस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इनके अलावा मुख्य सचिव एसपी गोयल और प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सरकार का कहना है कि इस योजना के जरिए महापुरुषों के सम्मान के साथ उनके विचारों और योगदान को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में संविधान के प्रति सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।


