India Pakistan Strike: ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर योगी का सख्त संदेश, कवर पर दिखी ब्रह्मोस मिसाइल

India Pakistan Strike: ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया डीपी में सिंदूर और कवर फोटो में ब्रह्मोस मिसाइल लगाकर आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।

Anjali Soni
Published on: 7 May 2026 1:07 PM IST
India Pakistan Strike: ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर योगी का सख्त संदेश, कवर पर दिखी ब्रह्मोस मिसाइल
X

India Pakistan Strike: ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर पूरा देश भारतीय सेना और सशस्त्र बलों के अदम्य साहस व पराक्रम को नमन कर रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाया है। मुख्यमंत्री योगी ने अपनी डीपी में ‘सिंदूर’ और कवर फोटो में ‘ब्रह्मोस मिसाइल’ को स्थान देकर दुश्मनों को कड़ा संदेश दिया है।

एक साल पहले भारत ने दिया था करारा जवाब

7 मई 2025 की वह रात देश कभी नहीं भूल सकता, जब भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया था। यह कार्रवाई पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। उसी रात भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीर साझा करते हुए “Justice is Served” लिखा था। इस कार्रवाई ने पूरी दुनिया को भारत की सैन्य क्षमता और आतंकवाद के खिलाफ उसकी निर्णायक नीति का संदेश दिया था।

पीएम मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने बदली डीपी

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर के प्रति सम्मान प्रकट किया। देशभर में आम नागरिक भी इस अभियान से जुड़ी तस्वीरें और प्रतीक सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

सीएम योगी के कवर फोटो में दिखा ‘ब्रह्मोस’ का संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सोशल मीडिया अकाउंट पर डीपी में ऑपरेशन सिंदूर का लोगो लगाने के साथ उनकी कवर फोटो में ब्रह्मोस मिसाइल को प्रमुखता से दिखाया गया है। ब्रह्मोस को भारत की सबसे ताकतवर सुपरसोनिक मिसाइलों में गिना जाता है। इसे भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ आक्रामक नीति और मजबूत रक्षा रणनीति के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस, रक्षा उत्पादन का केंद्र बनता यूपी

पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर कहर बरपाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का उत्तर प्रदेश से भी खास संबंध है। अब इसका निर्माण लखनऊ में किया जा रहा है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। योगी सरकार लगातार यह संदेश दे रही है कि उत्तर प्रदेश अब केवल कृषि और संस्कृति का प्रदेश नहीं, बल्कि रक्षा उत्पादन और आत्मनिर्भर भारत का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।

योगी पहले भी दे चुके हैं सख्त संदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई मंचों से ब्रह्मोस मिसाइल और भारत की सैन्य शक्ति का उल्लेख कर चुके हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि, “ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि यह भारत के उस संकल्प की घोषणा थी कि आतंक का जवाब अब कूटनीति की मेज पर नहीं, बल्कि दुश्मन के दरवाजे पर दिया जाएगा।” उनके इस बयान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बदली रक्षा नीति और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के रूप में देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही तस्वीरें

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर बदली गई डीपी और कवर फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। समर्थक इसे राष्ट्रवाद और सैन्य सम्मान का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि राजनीतिक गलियारों में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस डिजिटल संदेश की व्यापक चर्चा हो रही है।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story