TRENDING TAGS :
Mahrajganj News: विदेश से मेडिकल की पढ़ाई कर विवेक ने पास की FMGE परीक्षा, परिवार में जश्न
Mahrajganj News: महराजगंज के घुघली निवासी विवेक कुशवाहा ने किर्गिस्तान से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एफएमजीई परीक्षा में सफलता हासिल कर बढ़ाया जिले का मान।
Mahrajganj News: आंखों में डॉक्टर बनने का सपना, मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा और मंजिल पाने का दृढ़ संकल्प। इन्हीं खूबियों के दम पर विवेक कुशवाहा ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नगर पंचायत घुघली के वार्ड नंबर छह स्थित सुभाष चौक निवासी विवेक ने किर्गिस्तान से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद विदेशी चिकित्सा स्नातक परीक्षा (एफएमजीई) भी उत्तीर्ण कर ली है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्र के लोग भी उनकी उपलब्धि पर गर्व कर रहे हैं।
खाद एवं बीज व्यवसायी सुरेश कुशवाहा के पुत्र विवेक ने किर्गिस्तान के ओश शहर स्थित ओश स्टेट इंटरनेशनल मेडिकल फैकल्टी से वर्ष 2020 से 2025 तक एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। विदेश में रहकर चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के बाद भारत में चिकित्सकीय सेवाएं देने की दिशा में एफएमजीई उत्तीर्ण करना उनके लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ है। लगातार मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की।
विवेक शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर से हाईस्कूल की परीक्षा 85 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। वहीं वर्ष 2016 में इसी विद्यालय से इंटरमीडिएट की परीक्षा 88 प्रतिशत अंकों के साथ पास की। शुरुआती शिक्षा से ही चिकित्सक बनने का सपना देखने वाले विवेक ने अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए विदेश का रुख किया और पांच वर्षों तक कठिन परिश्रम कर एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की।
एफएमजीई परीक्षा उत्तीर्ण कर उन्होंने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण सफलता जोड़ ली है। अब भारत में निर्धारित इंटर्नशिप और मेडिकल पंजीकरण की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद वह चिकित्सकीय सेवाएं देने के पात्र बन सकेंगे।विवेक की सफलता पर पिता सुरेश कुशवाहा सहित परिवार के सदस्यों में खासा उत्साह है। रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि से घुघली क्षेत्र में खुशी का माहौल है।


