Mahoba News: भाई के घर नाच रहे लोगों पर चढ़ाया ट्रैक्टर, भाई की मौत के बाद आरोपी ने भी लगाई फांसी

Mahoba News: महोबा में भाई की पार्टी में भीड़ देखकर आरोपी भड़क उठा और ट्रैक्टर चढ़ा दिया। चचेरे भाई की मौत के बाद आरोपी ने भी फांसी लगाकर जान दे दी।

Imran Khan
Published on: 29 May 2026 8:18 PM IST
Tractor run out at people dancing at brothers house
X

भाई के घर नाच रहे लोगों पर चढ़ाया ट्रैक्टर, भाई की मौत के बाद आरोपी ने भी लगाई फांसी (Photo- Newstrack)

Mahoba News: महोबा में एक ऐसी हैरान करने वाली वारदात सामने आई है जहां एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। दरअसल भाई के यहां बच्ची के जन्मदिन की पार्टी में उमड़ी भीड़ और नाच-गाना देखकर दूसरा सगा भाई इस बात से भड़क उठा कि उसकी पार्टी में कोई क्यों नहीं आया। इसी रंजिश में आरोपी ने गुस्से में अंधा होकर नाच रहे लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे चचेरे भाई की मौत हो गई। बाद में आत्मग्लानि में आरोपी ने भी खुदकुशी कर ली।

जन्मदिन का जश्न मना रहे लोगों पर चढ़ाया ट्रैक्टर

महोबा जनपद के कबरई थाना क्षेत्र के खरका गांव की यह घटना है। जहां बीती रात यहाँ जो कुछ भी हुआ, उसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। गांव के मुन्ना प्रजापति के घर उनकी 3 साल की पोती के जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। डीजे बज रहा था, खुशियों का माहौल था और परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी जमकर थिरक रहे थे। इसी पार्टी में मुन्ना का चचेरा भाई, 45 वर्षीय मंगल प्रजापति भी डांस कर रहा था।

लेकिन कोई नहीं जानता था कि यह जश्न चंद मिनटों में मातम में बदलने वाला है। दरअसल, इसी घर के दूसरी तरफ मुन्ना के सगे भाई विश्वमूर्ति उर्फ बाबा के यहाँ भी बेटी की शादी के बाद की एक पार्टी चल रही थी। वहाँ भी डीजे लगा था, लेकिन विश्वमूर्ति की पार्टी में न तो परिवार का कोई सदस्य पहुँचा और न ही कोई गांव वाला। गांव वालों के मुताबिक, विश्वमूर्ति अपनी पत्नी के अलावा एक अन्य महिला के साथ रहता था, जिससे नाराज होकर पूरा परिवार उससे दूरी बनाकर रखता था।

अपनी पार्टी सूनी देख और भाई के यहां नाच गाना देखकर विश्वमूर्ति गुस्से से पागल हो उठा। वह तुरंत अपना ट्रैक्टर लेकर आया और जन्मदिन की पार्टी में नाच रहे निहत्थे लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।इस जानलेवा हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मंगल प्रजापति और मुन्ना का बेटा संजू प्रजापति ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने मंगल प्रजापति को मृत घोषित कर दिया, जबकि संजू का पैर टूट गया और उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज किया मुकदमा

इस खौफनाक वारदात को अंजाम देकर आरोपी विश्वमूर्ति मौके से फरार हो गया। लेकिन अगली सुबह आत्मग्लानि और पुलिस के डर से उसने भी खेत में पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली। कबरई थाना प्रभारी सत्यवेंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था बाद में पता चला कि आरोपी ने भी आत्महत्या कर की है। अब दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एक ही परिवार के दो चचेरे भाइयों की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार अब इंसाफ की गुहार लगा रहा है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story