Mahoba News: जमीन विवाद में सगे भाई, भतीजे ने युवक को लाठी-डंडों और पेचकस से पीटा, वीडियो वायरल

महोबा में जमीन विवाद को लेकर सगे भाई और भतीजे पर युवक को लाठी-डंडों व पेचकस से पीटने का आरोप, वीडियो वायरल।

Imran Khan
Published on: 18 Oct 2026 7:30 PM IST
Mahoba News
X

Mahoba News(Photo-Social Media)

Mahoba News: महोबा जनपद के ​कोतवाली नगर के दिसरापुर गांव में जमीन हड़पने की नीयत से सगे भाई, भाभी और भतीजे ने मिलकर एक युवक पर लाठी-डंडों, फावड़े और पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित को जमीन पर पटक-पटक कर बेदर्दी से पीटा गया, जिसका दर्दनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

​

रिश्तों को तार-तार कर देने वाली यह खौफनाक तस्वीर महोबा के दिसरापुर गांव की है। जहां खेत में साफ-सफाई कर रहे हरनारायण विश्वकर्मा नाम के युवक पर उसके ही अपनों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि पीड़ित के सगे भाई मनप्यारे, भाभी माया और भतीजे देवेंद्र ने एक राय होकर हरनारायण को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, फावड़े और पेचकस से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने दबंगई की हदें पार करते हुए युवक को जमीन पर पटक-पटक कर तब तक पीटा, जब तक वह लहूलुहान नहीं हो गया।

गनीमत रही कि पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला। इस दौरान जब किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो दबंगों ने उसे भी धमकाकर भगा दिया। पीड़ित हरनारायण का कहना है कि उसका भाई पिछले 20 सालों से ज़मीन हड़पने और मां को परेशान करने की नीयत से उस पर दबाव बना रहा था। जब उसने अपने अलग खेत में सफाई कर कचरा जलाया, तो भाई और उसके परिवार ने विवाद शुरू कर दिया।

चश्मदीद हेमंत के बताया कि आरोपी धोखे से हरनारायण को रोककर उस पर टूट पड़े और सिर पर पेचकस से वार किया। फिलहाल, घायल हरनारायण ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।

Imran Khan
ABOUT THE AUTHOR

Imran Khan

वरिष्ठ संवाददाता, महोबाkhan.news.journalist@gmail.com
Next Story