Mahoba News: महोबा में सियासी बवाल: पीएम मोदी पर टिप्पणी से भड़के भाजपाई, सपा सांसद का पुतला फूंका

Mahoba News: महोबा में सपा सांसद द्वारा पीएम मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कोतवाली घेराव, पुतला दहन और केस दर्ज करने की मांग की गई।

Imran Khan
Published on: 11 May 2026 7:23 PM IST
Mahoba News: महोबा में सियासी बवाल: पीएम मोदी पर टिप्पणी से भड़के भाजपाई, सपा सांसद का पुतला फूंका
X

Mahoba News

Mahoba News: महोबा में सियासी पारा हाई है। हमीरपुर-महोबा क्षेत्र के सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने से भाजपा कार्यकर्ता भड़क उठे हैं। जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा के नेतृत्व में भाजपाइयों ने न केवल कोतवाली का घेराव किया, बल्कि आल्हा चौक पर सपा सांसद का पुतला फूंककर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।

महोबा की सड़कों पर सोमवार शाम भाजपा का आक्रोश देखने को मिला। मामला समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित और अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया। दरअसल, सपा सांसद बिजली विभाग की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। सांसद के इस बयान की खबर फैलते ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी लामबंद हो गए।

भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर के आल्हा चौक से लेकर कोतवाली तक पैदल मार्च निकाला और जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का गुस्सा यहीं नहीं थमा, उन्होंने आल्हा चौक पर सपा सांसद का पुतला फूंककर विरोध जताया। भाजपाइयों का कहना है कि प्रधानमंत्री 140 करोड़ भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं और उनके खिलाफ गाली-गलौज किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने शहर कोतवाली में तहरीर सौंपी। तहरीर में भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि जो सपा संविधान की दुहाई देती है, वही आज संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार कर रही है।भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सांसद के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप ने भी सपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नीतियों का विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इस तरह की व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणी सपा की संस्कृति को दर्शाती है।फिलहाल, इस घटना के बाद महोबा में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story