TRENDING TAGS :
Mahoba: महोबा से केशव मौर्य की अखिलेश को ललकार, बोले- सपा की साइकिल पंचर होगी, फिर बनेगी भाजपा सरकार
Mahoba News: महोबा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, कहा- 2027 में सपा की साइकिल पंचर होगी और भाजपा तीसरी बार बनाएगी सरकार।
Mahoba News: महोबा पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर सियासी हमला बोला। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के आवास पर आयोजित शोकसभा में श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सपा को गुंडों, माफियाओं और अपराधियों की पार्टी बताया। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा तीसरी बार बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को महोबा पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के मोती महल स्थित आवास पर पहुंचकर उनके स्वर्गीय चाचा गिरिजा चरण राजपूत की शोकसभा में शामिल होकर पुष्पांजलि अर्पित की और श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखे राजनीतिक हमले किए। डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा बुंदेलखंड की सभी सीटें जीतेगी।
समाजवादी पार्टी की साइकिल पंचर होकर सेफई की ओर चली जाएगी। अखिलेश यादव का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा और ढकोसला है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता को सपा पर भरोसा नहीं है। सपा की राजनीति जातिवाद और तुष्टिकरण पर आधारित रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में गुंडे और माफिया पार्टी का झंडा लगाकर गुंडागर्दी करते थे। खाली प्लॉट हमारा जैसे नारे लगाकर जमीनों पर कब्जे किए जाते थे।अखिलेश यादव के घोषणा पत्र में बेटी पैदा होने पर 10 ग्राम सोना देने के वादे पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपी की जनता अब उनकी चालबाजी में फंसने वाली नहीं है। अखिलेश यादव को बयानवीरता छोड़कर पहले अपना आचरण दिखाना चाहिए। सपा की हैसियत पांच सांसद और 50 विधायक तक ही सीमित रहेगी।
आजम खान के सियासी भूचाल वाले बयान पर केशव मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भूचाल जरूर आएगा, क्योंकि बचे हुए गुंडों और माफियाओं के खिलाफ जांच चल रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। अपराधियों पर कार्रवाई के अखिलेश यादव के दावे पर उन्होंने 100 बिल्ली खाकर चूहा हज को चली कहावत सुनाकर पलटवार किया। वहीं ओवैसी के मूंछों वाले मुख्यमंत्री के बयान पर उन्होंने भाजपा विरोधी दलों को एक भाजपा विरोधी गैंग बताते हुए कहा कि इनका लक्ष्य भाजपा का विजय रथ रोकना है। अंत में उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी।


