Mahoba News: जेल के गेट पर खत्म हुई आजादी, 7 साल से फरार बदमाश को MP पुलिस ने दबोचा

Mahoba News: महोबा जेल से जमानत पर रिहा होते ही 7 साल से फरार जिला बदर बदमाश को एमपी पुलिस ने गिरफ्तार किया, 2019 लूटकांड में थी तलाश।

Imran Khan
Published on: 28 July 2026 10:19 AM IST
Mahoba News: जेल के गेट पर खत्म हुई आजादी, 7 साल से फरार बदमाश को MP पुलिस ने दबोचा
X

Mahoba News: जिला बदर घोषित एक शातिर अपराधी के लिए जेल से बाहर की खुली हवा महज कुछ सेकंड की मेहमान बनकर रह गई। जमानत पर रिहा होते ही मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले 7 साल से MP में ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट के मामले में फरार चल रहा था।

पूरा मामला

यह मामला महोबा जनपद के अजनर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। कैथौरा गांव निवासी प्रदीप राजपूत पुत्र देवकीनंदन को 23 जुलाई को अजनर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र की टीम ने कैथौरा गांव की बंगलाहार पहाड़ी के मोड़ से गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था।

जांच में पता चला कि प्रदीप को 13 जुलाई को ही जिलाधिकारी महोबा ने 6 महीने की अवधि के लिए जिला बदर घोषित किया था। इसके बावजूद वह आदेश का उल्लंघन कर जनपद की सीमा में घूम रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और यूपी गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था।

जेल के बाहर लगा था जाल

चार दिन बाद सोमवार 27 जुलाई की देर शाम जब न्यायालय से प्रदीप की जमानत मंजूर हुई, तो वह महोबा जेल से रिहा हुआ। जेल गेट पर उसके परिजन उसे लेने पहुंचे थे और घर लौटने की खुशी थी। लेकिन इसी बीच मध्य प्रदेश के गौरिहार थाना पुलिस की टीम पहले से ही जेल के मुख्य द्वार पर मुस्तैद खड़ी थी।जैसे ही प्रदीप ने जेल की चौखट लांघी, गौरिहार पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। परिजनों की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

2019 से था फरार, MP कोर्ट का था स्थाई वारंट

गौरिहार थाना पुलिस के अनुसार प्रदीप राजपूत के खिलाफ मध्य प्रदेश में वर्ष 2019 से ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट का गंभीर मामला दर्ज है। इस मामले में वह लगातार फरार चल रहा था और MP की अदालत ने उसके खिलाफ स्थाई वारंट जारी कर रखा था।

सूचना मिली थी कि प्रदीप महोबा जेल में बंद है और जल्द रिहा होने वाला है। इसके बाद गौरिहार पुलिस ने महोबा पुलिस से समन्वय स्थापित कर पूरी योजना बनाई और जेल के बाहर घेराबंदी कर दी। रिहा होते ही वारंटी को गिरफ्तार कर उसे अपने साथ मध्य प्रदेश ले जाया गया।

आगे की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि प्रदीप को अब MP की अदालत में पेश किया जाएगा। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। इस संयुक्त कार्रवाई से जिले में सक्रिय शातिर बदमाशों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Imran Khan
ABOUT THE AUTHOR

Imran Khan

वरिष्ठ संवाददाता, महोबाkhan.news.journalist@gmail.com
Next Story