Mahoba News: महोबा में बकरीद पर मातम, 24 घंटे बाद तालाब से मिला बुजुर्ग का शव

Mahoba News: महोबा के चरखारी में बकरीद की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मलखान तालाब से 24 घंटे बाद 70 वर्षीय बुजुर्ग अब्दुल रऊफ का शव बरामद हुआ।

Imran Khan
Published on: 28 May 2026 4:03 PM IST
Mahoba News: महोबा में बकरीद पर मातम, 24 घंटे बाद तालाब से मिला बुजुर्ग का शव
X

Mahoba News

Mahoba News: महोबा में बकरीद त्योहार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब चरखारी के मलखान तालाब से 24 घंटे बाद एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव बरामद हुआ। मोहल्ला नवादा निवासी अब्दुल रऊफ कल सुबह घर से नहाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। रात भर चले रेस्क्यू के बाद आज सुबह ईद की नमाज के बाद प्रशासन ने तालाब के दूसरे किनारे से शव को बरामद किया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

महोबा जनपद के चरखारी कोतवाली कस्बा अंतर्गत मोहल्ला नवादा में बकरीद के पर्व पर चीख-पुकार मच गई। दरअसल, बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपनी मोपेड से मलखान तालाब में नहाने गए 70 वर्षीय बुजुर्ग अब्दुल रऊफ खान का शव 24 घंटे बाद आखिरकार तालाब से बरामद कर लिया गया है। कल दोपहर तक जब अब्दुल रऊफ घर वापस नहीं लौटे, तो उनके पुत्र मंजू ने उन्हें कई बार फोन लगाया। मोबाइल की घंटी बजती रही, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम के समय जब परिजन ढूंढते हुए मलखान तालाब के किनारे पहुंचे, तो वहां बुजुर्ग की मोपेड, कपड़े, चप्पल और मोबाइल लावारिस हालत में मिले।

परिजनों की सूचना पर पहुंची चरखारी कोतवाली पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तालाब की अधिक गहराई और रात के अंधेरे के कारण कल करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी शव बरामद नहीं हो सका था। आज सुबह बकरीद की नमाज के बाद पुलिस और प्रशासन एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हुआ और दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

इस दौरान गोताखोरों को तालाब के दूसरे किनारे पर बुजुर्ग का शव उतराता हुआ मिला, जिसे पानी से बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासी अमित पटेरिया ने बताया कि अब्दुल रऊफ को तैरना अच्छे से आता था, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय अचानक दिल का दौरा पड़ने या किसी अन्य परिस्थिति के कारण यह हादसा हुआ। शव मिलते ही त्यौहार की खुशियां मना रहे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर दिया है, हालांकि पीड़ित परिवार ने बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। त्योहार के दिन बुजुर्ग की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story