TRENDING TAGS :
Mahoba News: महोबा पहुंचे प्रभारी मंत्री मन्नू कोरी, ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान का किया शुभारंभ
Mahoba News: महोबा में प्रभारी मंत्री मन्नू कोरी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने जिले में 7 लाख पौधरोपण का लक्ष्य रखा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
Mahoba News: जनपद महोबा का नया प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल उर्फ मन्नू कोरी पहली बार जिले में पहुंचे। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने सरस्वती शिशु शिक्षा निकेतन में पीपल का पौधा लगाकर ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जिले में 7 लाख वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।
प्रभारी मंत्री के प्रथम आगमन पर जिले में उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ की। शहर के सरस्वती शिशु शिक्षा निकेतन परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे अभियान के तहत पौधरोपण किया गया। मंत्री मन्नू कोरी ने पीपल का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।इस अवसर पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह, सदर विधायक राकेश गोस्वामी और एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर परिसर में लगभग 100 फलदार और छायादार पौधे लगाए।मंत्री ने बताया कि प्रदेश स्तर पर 13 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि महोबा जनपद में 7 लाख पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में प्रभारी मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर राजनीतिक तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले जनता परेशान थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जा रही हैं, जिसमें पुलिस भर्ती में 11 हजार बेटियों का चयन एक उदाहरण है।गरीब बेटियों की शादियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार ने अब तक 4 करोड़ शादियां संपन्न कराई हैं। पहले जहां किसान बेटियों की शादी के लिए जमीन गिरवी रखते थे, वहीं आज सरकार उन्हें आवश्यक सहायता और सामग्री प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदा कर रही है।अंत में प्रभारी मंत्री ने महोबा की जनता को आश्वस्त किया कि उनके प्रभार ग्रहण करने के बाद जिले की सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।


