TRENDING TAGS :
Mahoba News: सूने चार घरों के ताले तोड़कर लाखों की चोरी, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
Mahoba News: महोबा के दुबयानापुरा इलाके में दीपावली पर गांव गए चार परिवारों के सूने घरों के ताले तोड़कर चोरों ने नगदी और जेवरात पर किया हाथ साफ
Mahoba News: महोबा शहर के दुबयानापुरा इलाके में चोरों ने एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। दीपावली पर परिवार गांव गए थे, तभी चोरों ने ताला तोड़कर नगदी और जेवरात पार कर दिए। एक घर से 1 लाख की सोने की चेन और 65 हजार नकदी चोरी हुई। इस बड़ी वारदात से पूरे मोहल्ले में दहशत और हड़कंप मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस और डायल 112 ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन पुलिस गश्त न होने से लोगों में भारी आक्रोश है।
महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर इलाके में स्थित एसआर पेट्रोल पंप के पीछे दुबयानापुरा मोहल्ला इन दिनों खौफ के साए में है। दीपावली पर्व पर अपने पैतृक गांवों गए परिवारों को अज्ञात चोरों ने अपना मुख्य निशाना बनाया है।मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि को चोरों ने एक साथ चार सूने मकानों के ताले तोड़कर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित तीरथ राजपूत अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने गांव गए थे। बुधवार सुबह उन्हें पड़ोसियों से सूचना मिली कि घर का ताला टूटा है। जब वह लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर उनकी बड़ी बेटी की एक लाख रुपये कीमत की सोने की चेन और अलमारी में रखे 65 हजार रुपये नकद चुरा ले गए।
तीरथ के अलावा चोरों ने पास ही स्थित सुरेंद्र राजपूत, रमेश राजपूत और केशव राजपूत के घरों को भी सूना पाकर निशाना बनाया और लाखों की चोरी को अंजाम दिया है।ये सभी परिवार भी दीपावली मनाने अपने-अपने गांव गए हुए थे। एक साथ चार घरों में हुई इस दुस्साहसिक चोरी से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया है और लोग गहरी दहशत में हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पीड़ित तीरथ राजपूत ने शहर कोतवाली में लिखित तहरीर दे दी है।
वहीं, स्थानीय निवासी ब्रजेंद्र राजपूत और अन्य लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि पुलिस नियमित गश्त करती, तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। फिलहाल, पीड़ित परिवारों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों का खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की पुरजोर मांग की है।


