Mahoba News: महोबा में 10 लाख दहेज की मांग, सात माह की गर्भवती ने पति पर तीन तलाक देने का लगाया आरोप

Mahoba News: महोबा में सात माह की गर्भवती महिला ने ससुराल पक्ष पर 10 लाख रुपये दहेज और सोने की जंजीर की मांग को लेकर मारपीट का आरोप लगाया है।

Imran Khan
Published on: 18 Aug 2026 10:49 PM IST
Mahoba News: महोबा में 10 लाख दहेज की मांग, सात माह की गर्भवती ने पति पर तीन तलाक देने का लगाया आरोप
X

Mahoba News

Mahoba News: महोबा शहर में दहेज उत्पीड़न और तीन तलाक का मामला सामने आया है। भटीपुरा मोहल्ले में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों पर सात माह की गर्भवती महिला के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने तीन तलाक कहकर उसे घर से निकाल दिया। गंभीर हालत में महिला को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

10 लाख रुपये और सोने की जंजीर की मांग का आरोप

पनवाड़ी कस्बे के मुल्लनपुरा निवासी नसरीन खातून का निकाह 14 अक्टूबर 2025 को महोबा के भटीपुरा निवासी अब्दुल कदीर से हुआ था। परिजनों के अनुसार, शादी में उनकी हैसियत के मुताबिक दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी पति अब्दुल कदीर, सास नाजरा और ससुर अब्दुल वहीद कथित तौर पर कम दहेज लाने का ताना देते रहे।आरोप है कि ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में 10 लाख रुपये नकद और सोने की जंजीर की लगातार मांग कर रहे थे। नसरीन के सात माह की गर्भवती होने के बावजूद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उसके बाल पकड़कर पीटा गया और जान से मारने की कोशिश की गई।

मायके वालों से भी अभद्रता का आरोप, फिर दिया तीन तलाक

पीड़िता ने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसका भाई मंजूर खान और पिता समझौते के लिए ससुराल पहुंचे। आरोप है कि वहां भी ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर उन्हें वहां से भगा दिया।इसके तुरंत बाद, पीड़िता का आरोप है कि सास के उकसाने पर पति अब्दुल कदीर ने गर्भवती पत्नी को 'तलाक, तलाक, तलाक' कहकर घर से बाहर निकाल दिया।

अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस से शिकायत

गंभीर रूप से घायल नसरीन को परिजन जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज और मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, चोटों के कारण पीड़िता को चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही है।नसरीन ने पुलिस को तहरीर देकर पति, सास और ससुर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले में लगाए गए आरोप पीड़िता और उसके परिजनों के हैं। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

Imran Khan
ABOUT THE AUTHOR

Imran Khan

वरिष्ठ संवाददाता, महोबाkhan.news.journalist@gmail.com
Next Story