Mahoba: इंस्टाग्राम पर दर्दभरा स्टेटस लगाकर 25 वर्षीय युवक ने दी जान, पत्नी व ससुराल पक्ष पर आरोप

Mahoba News: महोबा में पारिवारिक कलह से परेशान 25 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर दर्दभरा स्टेटस लगाकर फांसी लगाई। पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप।

Imran Khan
Published on: 10 Nov 2026 6:07 PM IST
Mahoba: इंस्टाग्राम पर दर्दभरा स्टेटस लगाकर 25 वर्षीय युवक ने दी जान, पत्नी व ससुराल पक्ष पर आरोप
X

Mahoba News: होबा में पारिवारिक कलह और प्रताड़ना से परेशान 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के गहरा पहाड़िया गांव निवासी मनोज ने जान देने से पहले इंस्टाग्राम पर दर्दभरे स्टेटस लगाए, जिनमें उसकी मानसिक पीड़ा साफ झलक रही है। मृतक के पिता ने बहू और ससुराल पक्ष के पांच लोगों पर बेटे को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और खाने-पीने तक के लिए परेशान करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

मामला महोबा जनपद के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के गहरा पहाड़िया का है, जहां 25 वर्षीय मनोज की आत्महत्या से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मनोज पुत्र तोरण सिंह ने सोमवार शाम फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना से पहले उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो स्टेटस लगाए थे, जिनमें उसका दर्द और मानसिक परेशानी साफ झलक रही थी। एक स्टेटस में उसने जाहिर किया कि पहली बार ऐसी दिवाली आई है, जिसमें उसे कोई खुशी नहीं है। वहीं दूसरे स्टेटस में उसने खुदा से इस परेशानी से मुक्ति देने की गुहार लगाई थी। मृतक के पिता तोरण सिंह ने अपनी बहू नेहा, ससुर सीताराम, साले तेज सिंह, बड़े साले पृथ्वी और पृथ्वी की पत्नी पर बेटे को लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पिता का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से बेटे को गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। आरोप है कि उसे खाने-पीने तक के लिए परेशान किया जाता था और पैसों की मांग भी की जाती थी। पिता के मुताबिक, बहू की ओर से पहले मुकदमा भी दर्ज कराया गया था, जिसके चलते बेटा काफी तनाव में रहता था। पिता ने आरोपियों के खिलाफ न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक अपने पीछे एक मासूम बेटे को छोड़ गया है। पुलिस ने मंगलवार शव का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

Imran Khan
ABOUT THE AUTHOR

Imran Khan

वरिष्ठ संवाददाता, महोबाkhan.news.journalist@gmail.com
Next Story