Mahoba News: कांग्रेस प्रभारी का बड़ा हमला, RSS-BJP पर आरोप; सपा संग बराबरी की साझेदारी का दावा

Mahoba News: महोबा दौरे पर कांग्रेस प्रभारी ने RSS और BJP पर गंभीर आरोप लगाए तथा आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी के साथ बराबरी की साझेदारी का दावा किया। उनके बयान ने राजनीतिक चर्चा तेज कर दी है।

Imran Khan
Published on: 12 July 2026 8:51 PM IST
Mahoba News
X

Mahoba News(Photo-Social Media)

Mahoba News: उत्तर प्रदेश में 2027 के चुनाव के लिए कांग्रेस ने महोबा से अपनी हुंकार भर दी है। जिला मुख्यालय पहुंचे यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बीजेपी और सीएम योगी पर बेहद तीखा हमला बोला। उन्होंने बीजेपी को 'चढ़ावा चोरों की सरकार' बताते हुए राम मंदिर चंदा चोरी पर कहा कि इसके तार सीधे आरएसएस मुख्यालय से जुड़े हैं। यही नहीं, उन्होंने यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सीधे कटघरे में खड़ा किया। वहीं सपा से सीटों को लेकर बराबर की साझेदारी की बात कही है।

उत्तर प्रदेश में साल 2027 के सियासी दंगल की बिसात अभी से बिछनी शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरे एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहली बार महोबा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें बूथ स्तर पर एकजुट होने और जनता की समस्याओं को इकट्ठा कर कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का मूलमंत्र दिया। मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस प्रभारी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखे सियासी तीर छोड़े। राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने राम का इस्तेमाल सिर्फ सत्ता पाने के लिए किया और उनके चढ़ावे तक को चोरी कर लिया। उन्होंने दावा किया कि चंदा चोरी के असली माफिया कभी नहीं पकड़े जाएंगे, क्योंकि इनके तार सीधे बीजेपी और आरएसएस मुख्यालय से जुड़े हैं। राजेंद्र पाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर इन सभी घोटालों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

कांग्रेस प्रभारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि योगी जी न तो संविधान को मानते हैं और न ही न्यायपालिका को। पुलिस को आगे कर लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है। इन्होंने पुलिस को हत्यारा बना दिया है। सरकार के 35 करोड़ पौधारोपण के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में हरित क्रांति नहीं, बल्कि सूखा आने वाला है क्योंकि युवाओं की नौकरियां छीनी जा रही हैं और शिक्षा को महंगा किया जा रहा है।

आगामी चुनाव में इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने साफ किया कि सपा और कांग्रेस बराबर के साझेदार हैं। इसलिए आगामी चुनाव में हिस्सेदारी और सम्मान भी बराबर का होगा। उन्होंने एलान किया कि अगले डेढ़ महीने के भीतर कांग्रेस जनता का घोषणा पत्र लेकर आ रही है, जिसमें मजदूर, किसान, युवा और महिलाओं के असली मुद्दे शामिल होंगे। राजेंद्र पाल गौतम ने हुंकार भरते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी और 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

Imran Khan
ABOUT THE AUTHOR

Imran Khan

वरिष्ठ संवाददाता, महोबाkhan.news.journalist@gmail.com
Next Story