TRENDING TAGS :
Mahoba News: सपाइयों का प्रदर्शन, अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी के विरोध, आंदोलन की चेतावनी
Mahoba News: महोबा में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की बेटी पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई और आंदोलन की चेतावनी दी गई।
Mahoba News(Photo-Social Media)
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी को लेकर सपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद और जिलाध्यक्ष शोभलाल यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करते हुए तहरीर दी है।
महोबा जनपद में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। मामला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव के चरित्र पर सोशल मीडिया पर की गई एक बेहद अभद्र और अमर्यादित पोस्ट से जुड़ा है। बुलंदशहर के रहने वाले ठाकुर सम्राट सिंह यदुवंशी नाम के युवक ने फेसबुक पर यह विवादित पोस्ट लिखी, जिसे महोबा के हमीरपुर चुंगी निवासी लक्ष्मी गुरुदेव ने सोशल मीडिया पर आगे शेयर कर दिया। इस आपत्तिजनक पोस्ट से नाराज सपाइयों ने पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद और जिला अध्यक्ष शोभलाल यादव के नेतृत्व में अंबेडकर पार्क में इकट्ठा होकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ता शहर कोतवाली पहुंचे और कोतवाली प्रभारी मनीष पांडे को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तुरंत जेल भेजने की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष शोभलाल यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की बेटी के खिलाफ बेबुनियाद और ओछी टिप्पणी कर अफवाह फैलाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में हुए चढ़ावे के घपले के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए सोची-समझी साजिश के तहत यह कृत्य किया गया है।
वहीं, पूर्व मंत्री दद्दू प्रसाद ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा शुरू से ही नारियों का अपमान करने और मुद्दों को घुमाने में माहिर रही है। अखिलेश यादव ने जब राम मंदिर में चढ़ावे के घोटाले की जांच की मांग उठाई, तो उससे बौखलाकर नेताओं के परिवार की बेटियों पर कीचड़ उछाला जा रहा है।समाजवादी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में शामिल आरोपियों लक्ष्मी गुरुदेव और सम्राट यदुवंशी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरे प्रदेश में एक बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।


