TRENDING TAGS :
Mahoba News: बिना परमिट दिल्ली जा रही दो डबल डेकर बसें सीज, एआरटीओ की कार्रवाई
Mahoba News: महोबा में विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एआरटीओ ने बिना परमिट और नियमों के विपरीत संचालित दो डबल डेकर बसों को सीज किया, यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई।
बिना परमिट दिल्ली जा रही दो डबल डेकर बसें सीज, एआरटीओ की कार्रवाई (Photo- Newstrack)
Mahoba News: महोबा में बिना परमिट और नियमों के विपरीत सड़क पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शासन के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चल रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली जा रही दो डबल डेकर निजी बसों को सीज कर दिया गया। एआरटीओ की इस कार्रवाई के बाद निजी बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
बेलाताल रोड पर जांच के दौरान पकड़ी गईं बसें
उत्तर प्रदेश में बिना फिटनेस, बिना परमिट और डग्गामार वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महोबा के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी दयाशंकर ने बेलाताल रोड पर परिवहन विभाग की टीम के साथ जांच अभियान चलाया। इसी दौरान बेलाताल से सवारियां लेकर दिल्ली जा रही दो डबल डेकर निजी बसों को जैतपुर कस्बे के पास रोका गया और उनके दस्तावेजों की जांच की गई।
परमिट मांगने पर चालक और परिचालक ने की आनाकानी
जांच के दौरान जब बस के चालक और परिचालक से यात्री परमिट मांगा गया तो उन्होंने परमिट दिखाने से इनकार कर दिया और आनाकानी करने लगे। इसके बाद परिवहन विभाग की टीम ने गहन जांच की, जिसमें पता चला कि दोनों बसें परमिट की शर्तों के विपरीत संचालित की जा रही थीं।
मध्य प्रदेश नंबर की बस यूपी में ही भर रही थी सवारियां
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों बसों में से एक बस मध्य प्रदेश नंबर की थी। नियमानुसार इस बस को मध्य प्रदेश से सवारी उठानी थी या फिर वहां तक यात्रियों को छोड़ना था, लेकिन यह बस उत्तर प्रदेश के भीतर ही अवैध रूप से सवारियां ढो रही थी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर परिवहन विभाग की टीम ने दोनों बसों को सीज कर कुलपहाड़ कोतवाली में खड़ा करा दिया।
बस सीज होने पर यात्रियों ने किया हंगामा
बसों के सीज होने के बाद उनमें सवार यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों की परेशानी और सुरक्षा को देखते हुए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी दयाशंकर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत दूसरी बस की व्यवस्था कराई। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी दयाशंकर ने स्पष्ट कहा कि स्कूली वाहनों, बिना फिटनेस वाले वाहनों और डग्गामार गाड़ियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


