Mainpuri News: 50 साल पुराने पुश्तैनी रास्ते पर खड़ी कर दी दीवार, परेशान महिला ने डीएम से लगाई गुहार

Mainpuri News: 50 साल पुराने पुश्तैनी रास्ते पर दीवार खड़ी होने से आवागमन बंद हो गया। परेशान महिला ने डीएम से रास्ता खुलवाने की गुहार लगाई।

Ashraf Ansari
Published on: 11 Aug 2026 1:31 PM IST
Mainpuri News
X

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: मैनपुरी के थाना कोतवाली क्षेत्र के पुरोहित आना में करीब 50 साल पुराने पुश्तैनी रास्ते को दीवार खड़ी कर बंद किए जाने का मामला सामने आया है। रास्ता बंद होने से परेशान एक महिला ने जिला प्रशासन से शिकायत कर पुराने रास्ते को खुलवाने की मांग की है। महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली महिला ने उनके घर तक आने-जाने वाले रास्ते पर दीवार खड़ी कर दी, जिससे परिवार के सामने आवागमन की गंभीर समस्या पैदा हो गई है।

पुरोहित आना निवासी गुड़िया पत्नी इमरान ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके घर तक पहुंचने के लिए पुश्तैनी रास्ता है। इस रास्ते का इस्तेमाल उनका परिवार करीब पांच दशकों से लगातार करता आ रहा है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली अकबरी बेगम पत्नी मु. पुरोहित थाना ने रास्ते पर दीवार खड़ी कर उसे पूरी तरह बंद कर दिया है। महिला के मुताबिक, अचानक रास्ता बंद होने से घर से बाहर निकलने और वापस लौटने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गुड़िया का कहना है कि रास्ता बंद होने का असर केवल आवागमन तक सीमित नहीं है। घर से निकलने वाले पानी की निकासी भी प्रभावित हो गई है। इससे घर में रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतें बढ़ गई हैं। पानी की निकासी बाधित होने से परिवार को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता ने बताया कि उनके पति मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। ऐसे में घर पर अकेली महिला के लिए रास्ता बंद होने के बाद जरूरी घरेलू कामकाज और आवागमन करना और मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि जिस रास्ते का परिवार वर्षों से इस्तेमाल करता चला आ रहा है, उसे अचानक दीवार खड़ी कर बंद कर दिया गया।

महिला ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। शिकायती पत्र के माध्यम से मौके पर जांच कराकर रास्ते की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने और यदि निर्माण अवैध पाया जाए तो दीवार हटवाकर पुराने रास्ते को खुलवाने की गुहार लगाई गई है। पीड़िता को उम्मीद है कि प्रशासन की जांच के बाद समस्या का समाधान होगा और परिवार को आवागमन तथा पानी निकासी की परेशानी से राहत मिलेगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story