Mainpuri News: मानसिक रूप से बीमार 50 वर्षीय महिला लापता, बेटी ने एसपी से लगाई तलाश की गुहार

Mainpuri News: मैनपुरी के धारऊ से 3 सितंबर की सुबह घर से निकली 50 वर्षीय महिला वापस नहीं लौटीं, परिजनों ने तलाश के बाद एसपी से पुलिस कार्रवाई की मांग की।

Ashraf Ansari
Published on: 4 Sept 2026 11:16 PM IST
Mainpuri News: मानसिक रूप से बीमार 50 वर्षीय महिला लापता, बेटी ने एसपी से लगाई तलाश की गुहार
X

Mainpuri News: मैनपुरी में कोतवाली क्षेत्र के ज्योंती रोड स्थित धारऊ से मानसिक रूप से बीमार 50 वर्षीय महिला के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। महिला तीन सितंबर की तड़के करीब चार बजे घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के इलाकों से लेकर रिश्तेदारों और परिचितों के घरों तक काफी तलाश की, मगर महिला का कोई पता नहीं चल सका।

धारऊ निवासी निशा ने शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। उसने बताया कि उसकी मां सुषमा देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। तीन सितंबर की सुबह वह घर से बाहर निकल गई थीं। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ देर बाद लौट आएंगी, लेकिन काफी समय गुजरने के बाद भी उनके वापस न आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी।

निशा के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने आसपास के मोहल्लों, रास्तों और संभावित स्थानों पर महिला को तलाश किया। इसके अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई गई, लेकिन हर जगह से निराशा हाथ लगी। लगातार प्रयास के बावजूद मां का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार की चिंता लगातार बढ़ती गई।


बेटी का आरोप है कि वह अपनी मां के लापता होने की सूचना लेकर थाने भी गई थी, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। निशा ने पुलिस से महिला की गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश जल्द शुरू कराने की अपील की है।

शिकायती पत्र में निशा ने सुषमा देवी की पहचान से संबंधित जानकारी भी पुलिस को दी है। महिला की लंबाई करीब चार फीट नौ इंच बताई गई है। उनका शरीर पतला, रंग सांवला और चेहरा लंबा है। लापता होने के समय उन्होंने काला पेटीकोट और काला ब्लाउज पहन रखा था। उनके शरीर पर साड़ी नहीं थी।

परिजनों का कहना है कि सुषमा देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनकी सुरक्षा को लेकर परिवार बेहद चिंतित है। बेटी ने पुलिस से महिला को जल्द से जल्द तलाश कर सुरक्षित घर पहुंचाने की गुहार लगाई है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story