Mainpuri News: 80 वर्षीय बुजुर्ग ने पड़ोसियों पर मारपीट-तोड़फोड़ का आरोप लगाया, न्याय की गुहार लगाई

Mainpuri News: मैनपुरी में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने पड़ोसी परिवार पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अधिकारियों से शिकायत कर मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग की है।

Ashraf Ansari
Published on: 17 Jun 2026 4:34 PM IST
Mainpuri News
X

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: मैनपुरी में जिले के एक गांव में रहने वाले 80 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने पड़ोसी परिवार पर घर में घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ मचाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित बुजुर्ग ने इस मामले में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा महिला थाना प्रभारी को शिकायत पत्र देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, गांव निवासी बुजुर्ग का आरोप है कि उनके पड़ोसी चंद्रभान और उसके परिवार के लोग लंबे समय से उन पर दबाव बनाते आ रहे हैं। बुजुर्ग ने बताया कि कुछ समय पहले उनके शौचालय को तोड़कर उस स्थान पर अवैध कब्जा कर लिया गया था। इसके अलावा हाल ही में गांव में खड़ंजा निर्माण के बाद वर्षा का पानी एक नाली के माध्यम से निकलता था, लेकिन आरोप है कि पड़ोसी पक्ष ने नाली का रास्ता बंद कर दिया, जिससे पानी उनके घर में भर गया और उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने नाली का रास्ता बंद किए जाने का कारण पूछा, तो आरोपी पक्ष ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकियां दीं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ दिन बाद देर रात चंद्रभान, उसकी पत्नी सहित कई नामजद और कुछ अज्ञात लोग उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने बुजुर्ग और उनकी नातिनों के साथ गाली-गलौज की तथा मारपीट की। इस दौरान घर में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

बुजुर्ग के अनुसार, घटना के समय शोर सुनकर गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं, मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story