TRENDING TAGS :
Mainpuri News: पैतृक जमीन पर कब्जे का आरोप, विरोध करने पर घर में मारपीट का दावा; एसपी से शिकायत
Mainpuri News: पैतृक जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट का दावा किया और एसपी से शिकायत की।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: मैनपुरी के गणेशपुर गांव में पैतृक जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। एक व्यक्ति ने गांव के ही कुछ लोगों पर उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।
गणेशपुर निवासी गमलेश पुत्र स्वर्गीय फूल सिंह ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता ने पैतृक भूमि पर निहास भरवाई थी। उनका दावा है कि वह और उनका परिवार लंबे समय से उक्त जमीन पर काबिज हैं। आरोप है कि करीब एक महीने पहले गजेंद्र सिंह और उनके बेटे धर्मपाल उर्फ डीपी ने जमीन पर जबरन खूंटा गाड़कर कब्जा कर लिया। घटना के समय गमलेश घर पर मौजूद नहीं थे।
गमलेश के अनुसार, घर लौटने पर उन्हें जमीन पर कब्जे की जानकारी हुई। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें मारपीट की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने गांव के कुछ लोगों के माध्यम से भी मामले को सुलझाने और जमीन को कब्जामुक्त कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पक्ष जमीन खाली करने को तैयार नहीं हुआ।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 9 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करते हुए घर में घुस आए। शोर सुनकर उनकी बहनें मौके पर पहुंचीं और उन्हें बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने दोनों बहनों के साथ भी मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ने का प्रयास किया।
गमलेश ने एक आरोपी पर अवैध असलहा लेकर घर के बाहर खड़े होकर धमकाने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन के विवाद को लेकर आरोपी लगातार उन्हें धमका रहे हैं। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित के मुताबिक, घटना की शिकायत कुरावली थाने में किए जाने के बावजूद अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पैतृक जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।


