TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मैनपुरी में शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई बकरीद की नमाज, प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क
Mainpuri News: मैनपुरी में बकरीद का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई, जबकि प्रशासन और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहे।
Mainpuri News(Photo-Social Media)
Mainpuri News: मैनपुरी जिले में बकरीद का त्योहार शनिवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिले भर की ईदगाहों और मस्जिदों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। त्योहार को लेकर पुलिस और प्रशासन सुबह से ही पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर की प्रमुख ईदगाहों, मस्जिदों और चौराहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, जिससे पूरे दिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रही।
प्रशासन की ओर से नमाजियों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। नमाज के दौरान कहीं भी अव्यवस्था न फैले, इसके लिए अधिकारियों ने लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्ट भी किया गया।
एसपी सिटी और सीओ सिटी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि शहर में करीब 7 से 8 हजार नमाजियों ने नमाज अदा की। उनके सर्किल क्षेत्र में कुल 15 स्थानों पर नमाज का आयोजन किया गया। ईदगाह के पूर्वी और पश्चिमी गेट सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने पहले ही धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर लोगों से अपील की थी कि नमाज केवल निर्धारित स्थानों पर ही अदा करें। शासन के निर्देशों के अनुसार सड़कों पर नमाज अदा नहीं की गई। जो लोग ईदगाह तक नहीं पहुंच सके, उन्होंने अपने-अपने मोहल्लों की मस्जिदों में नमाज अदा की।
बकरीद पर कुर्बानी को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी हालत में नहीं होने दी जाएगी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की लगातार ड्यूटी लगाई गई थी। कुरावली, करहल, घिरोर, भोगांव और बेवर सहित जिले के अन्य कस्बों में भी बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन की दुआ मांगी।


