TRENDING TAGS :
Mainpuri News: किसानों की छह मांगें, बिजली, खाद और आरटीओ पर सौंपा ज्ञापन
Mainpuri News: भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने डीएम को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर बिजली आपूर्ति, खाद वितरण, आरटीओ व्यवस्था और अन्य जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
किसानों की छह मांगें, बिजली, खाद और आरटीओ पर सौंपा ज्ञापन (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी में भारतीय किसान क्रांति यूनियन ने गुरुवार को जिलाधिकारी को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर किसानों और आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में बिजली व्यवस्था, खाद वितरण और आरटीओ कार्यालय की कार्यप्रणाली से लोग परेशान हैं। इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए ताकि किसानों को राहत मिल सके।
लो वोल्टेज और अनियमित विद्युत कटौती से परेशान किसान
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा जिले की खराब विद्युत व्यवस्था का उठाया गया। यूनियन ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि लो वोल्टेज का हवाला देकर अनियमित विद्युत कटौती की जा रही है। विशेष रूप से जागीर फीडर से जुड़े गांवों में किसानों को निर्धारित 10 घंटे के बजाय केवल 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल रही है। इससे सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
यूनियन ने किसानों को खाद वितरण में हो रही अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि खाद के साथ जबरन अन्य सामान टैग कर बेचा जा रहा है और कई स्थानों पर खाद की कालाबाजारी भी हो रही है। संगठन ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग
इसके अलावा आरटीओ कार्यालय में प्रशिक्षण केंद्र के नाम पर कथित धन उगाही का आरोप लगाते हुए यूनियन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन में ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में फैले कचरे की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने की मांग भी शामिल थी।
हालांकि, ट्रांसपोर्ट नगर की सफाई के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने आपत्ति जताई। उन्होंने भारतीय किसान क्रांति यूनियन के जिलाध्यक्ष बीके सिंह से सख्त लहजे में कहा कि संगठन को किसानों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देनी चाहिए, क्योंकि ट्रांसपोर्ट नगर में फैले कचरे का मामला सीधे तौर पर किसानों से संबंधित नहीं है। इसके बावजूद यूनियन ने सभी मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताते हुए प्रशासन से सकारात्मक कदम उठाने की मांग की।


