TRENDING TAGS :
Mainpuri News: अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
Mainpuri News: घिरोर पुलिस, एवीटी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, जांच जारी।
अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना घिरोर पुलिस, एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी इटावा जनपद के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
मोटरसाइकिल की बड़ी चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के घिरोर-करहल मार्ग पर महाकाल ढाबा के पास यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि वाहन चोरी करने वाला गिरोह इस क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर थाना घिरोर पुलिस, एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलफान पुत्र सिराज खान निवासी फक्कड़पुरा, कस्बा एवं थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा तथा असलम कुरैशी पुत्र जमीर निवासी कटरा बिल्लोचांद, कस्बा एवं थाना जसवंतनगर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना घिरोर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने विभिन्न जिलों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। वे चोरी किए गए वाहनों को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है कि वे किन-किन थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क, चोरी की कार्यप्रणाली और इसमें शामिल अन्य सदस्यों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने की कार्रवाई
यह पूरा अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी कुरावली के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। गिरफ्तारी टीम में थाना घिरोर के प्रभारी निरीक्षक अनूज चौहान, उपनिरीक्षक रामकिशन सिंह, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार, एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम के प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह, सर्विलांस टीम तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि वाहन चोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेजी से की जा रही है।


