Mainpuri News: कैंसर से परेशान मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

Mainpuri News: मैनपुरी में कैंसर से पीड़ित 38 वर्षीय मजदूर का शव घर के सामने बरगद के पेड़ पर मिला। पत्नी ने देखा तो चीख पड़ी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया, परिवार में मातम छाया।

Ashraf Ansari
Published on: 23 Nov 2026 6:00 PM IST
Mainpuri News: कैंसर से परेशान मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
X

Mainpuri News: मैनपुरी में कैंसर की बीमारी से जूझ रहे 38 वर्षीय मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार रात घर के सामने बरगद के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका मिला। पत्नी घर पहुंची तो पति का शव देखकर चीख पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर करीब एक बजे पोस्टमार्टम कराया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मृतक की पहचान दिनेश पुत्र बसंत लाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कन्नौज जिले के विष्णुगढ़ का रहने वाला था। पिछले करीब 10 वर्षों से मैनपुरी के श्रृंगार नगर में पत्नी और बच्चों के साथ रह रहा था। दिनेश मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले करीब दो वर्षों से कैंसर की बीमारी से पीड़ित था और मैनपुरी में ही उसका इलाज चल रहा था।

बताया गया कि दिनेश शराब पीने का भी आदी था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उसकी पत्नी प्रीति के कंधों पर थी। वह घरों में काम करके परिवार का खर्च चलाने के साथ पति का इलाज भी करा रही थी। रविवार रात करीब 10 बजे प्रीति घर लौटी तो दिनेश घर पर नहीं मिला। इसके बाद उसने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान घर के सामने बरगद के पेड़ पर दिनेश का शव फंदे से लटका दिखाई दिया।

मृतक के बेटे सौरभ ने बताया कि आत्महत्या के पीछे कोई अन्य वजह सामने नहीं आई है। उनके पिता पिछले दो साल से कैंसर से परेशान थे। परिवार में चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है। दिनेश की मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story