TRENDING TAGS :
Mainpuri Horror: जाति पूछकर युवकों की पिटाई, गर्म लोहे से दागे पैर
Mainpuri Horror: मैनपुरी के किशनी क्षेत्र में तीन युवकों को जातिसूचक गालियां देकर पीटा गया, ट्यूबवेल में बंधक बनाकर गर्म लोहे से दागने का आरोप।
Mainpuri News
Mainpuri Horror: जिले के किशनी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन युवकों को कथित तौर पर जाति पूछकर बेरहमी से पीटा गया और उनके पैरों को गर्म लोहे से दाग दिया गया। घटना में घायल युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे मनीगांव निवासी उमाकांत कठेरिया, विकास कुमार और सचिन कुसमरा बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में ठंडोस गांव के बाहर उनकी बाइक फिसल गई और वहां बैठे कुछ लोगों के पास जाकर गिर पड़ी। आरोप है कि मौके पर मौजूद गोविंद तिवारी, दीपक पांडेय और उनके साथियों ने पहले युवकों की जाति पूछी और फिर जातिसूचक गालियां देते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि दबंगों ने तीनों युवकों को पास की ट्यूबवेल की कोठरी में बंद कर दिया। वहां उन्हें जबरन शराब पिलाई गई और लाठी-डंडों से जमकर पीटा गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने गर्म लोहे की पत्ती से उमाकांत के पैरों को भी दाग दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
करीब ढाई घंटे बाद रात 8 बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकाकर भगा दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया।
रविवार को मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। क्षेत्रीय विधायक ब्रजेश कठेरिया ने भी पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। सोमवार को घायलों का किशनी सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए मिनी पीजीआई सैफई रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष उदल सिंह ने बताया कि गोविंद तिवारी, दीपक पांडेय सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।


