Mainpuri News: महिला सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का धरना, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

मैनपुरी में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Ashraf Ansari
Published on: 25 May 2026 4:22 PM IST
Mainpuri News
X

Mainpuri News(Photo-Social Media)

Mainpuri News: महिला सुरक्षा और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। महोबा में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय यातनाओं की घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।

जिला उपाध्यक्ष भीमसेन कठेरिया की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा लगातार सवालों के घेरे में है। नेताओं का आरोप था कि महोबा की छात्रा का कोचिंग से लौटते समय अपहरण कर लिया गया और उसे 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया, सिगरेट से जलाकर प्रताड़ित किया गया और जबरन शादी कराने का भी प्रयास किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए कहा कि यह प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर है। ज्ञापन में पार्टी ने मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आर्थिक सहायता दिए जाने की भी मांग उठाई गई।

धरने के दौरान कांग्रेस सदस्य अरविंद यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस नेता अनुपम शाक्य ने पेपर लीक जैसे मामलों को उठाते हुए सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

Anjali Soni

Anjali Soni

News Publisher Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story