TRENDING TAGS :
Mainpuri News: कांग्रेस की सद्बुद्धि पदयात्रा, श्रीराम मंदिर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
Mainpuri News: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े वित्तीय मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मैनपुरी में कांग्रेस ने सद्बुद्धि पदयात्रा निकाली और पारदर्शी जांच की अपील की।
कांग्रेस की सद्बुद्धि पदयात्रा, श्रीराम मंदिर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी सामने आई खबरों के विरोध में मंगलवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी ने मैनपुरी में ‘सद्बुद्धि पदयात्रा’ निकाली। पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने की। पदयात्रा कांग्रेस कार्यालय, मंडी धर्मदास से शुरू होकर लेनगंज होते हुए शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल हनुमान बाबा मंदिर पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए श्रीराम मंदिर से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं पर चिंता व्यक्त की और सरकार से मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई।
वित्तीय गड़बड़ी ने श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया
जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि श्रीराम मंदिर देश की करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। ऐसे में मंदिर से जुड़े चढ़ावे और दान की राशि में किसी भी प्रकार की वित्तीय गड़बड़ी की खबरें श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि दान और चढ़ावे के उपयोग में अनियमितता हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त या सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थाओं से जुड़े आर्थिक मामलों की निष्पक्ष जांच होने से ही आम लोगों का विश्वास कायम रहेगा। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से निष्पक्ष जांच की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन या वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित लोगों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी कैलाश उपाध्याय, शरद पचौरी, अरविंद यादव, भीमसेन कठेरिया, अनुपम शाक्य, डॉ. नवीन शर्मा, हरेंद्र रावत, गौरव बादशाह, जितेंद्र राठौर, दीपचंद भारतीय, वाजिफ अली, सुधीर यादव, चंद्रशेखर यादव, नकुल शाक्य, अंकित शर्मा, अतुल दुबे, अमित वर्मा, विजेंद्र यादव, रफीक अहमद, मोनू यादव और सचिन तोमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


