TRENDING TAGS :
Mainpuri News: मैनपुरी में साइबर ठग गिरोह पकड़ा, नौकरी-इन्वेस्टमेंट से ठगी
Mainpuri News: मैनपुरी पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया, जो नौकरी, ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर देशभर के लोगों से लाखों की ठगी कर रहे थे।
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन नौकरी, ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।
निवेश के झूठे सपने दिखाकर लाखों रुपये की ठगी
आरोपियों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था और लोगों को बड़े मुनाफे, अच्छी नौकरी तथा ऑनलाइन निवेश के झूठे सपने दिखाकर उनसे लाखों रुपये ठग लेता था। गिरोह के सदस्य ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर आपस में बांट लेते थे, जिससे पुलिस के लिए उन तक पहुंचना आसान न हो सके।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं साइबर क्राइम नोडल अधिकारी की निगरानी में साइबर सेल ने इस मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया निवासी सौरभ बनर्जी की शिकायत सामने आई, जिसमें उनके एचडीएफसी बैंक खाते से साइबर ठगी के जरिए रकम निकाले जाने की जानकारी मिली थी।
तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की गहन पड़ताल के बाद पुलिस को मैनपुरी के कई खातों के इस्तेमाल की जानकारी मिली। इसके आधार पर शनिवार को ग्राम गढ़िया जाने वाले मार्ग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रियंशु तोमर, अमन तोमर और अवनीश के रूप में हुई है, जो सभी थाना बेवर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित तरीके से देशभर के लोगों को ऑनलाइन नौकरी, ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद ठगी से प्राप्त रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली जाती थी। पुलिस के अनुसार आरोपियों के बैंक खातों से जुड़ी कई शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 हजार 180 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस मामले में थाना साइबर क्राइम मैनपुरी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी ऑनलाइन नौकरी, ट्रेडिंग या इन्वेस्टमेंट ऑफर पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।


