Mainpuri News: दिव्यांगजन समस्याओं के समाधान के लिए लगा मोबाइल कोर्ट, 137 मामलों का हुआ निस्तारण

Mainpuri News: मैनपुरी में राज्य आयुक्त प्रो. हिमांशु शेखर झा की अध्यक्षता में लगे मोबाइल कोर्ट में 137 शिकायतों का निस्तारण कर दिव्यांगों को राहत दी गई।

Ashraf Ansari
Published on: 25 May 2026 9:29 PM IST
Mobile court set up to solve problems of persons with disabilities
X

 दिव्यांगजन समस्याओं के समाधान के लिए लगा मोबाइल कोर्ट, 137 मामलों का हुआ निस्तारण (Photo- Newstrack)

Mainpuri News: मैनपुरी में दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से राज्य आयुक्त दिव्यांगजन प्रो. हिमांशु शेखर झा की अध्यक्षता में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे। मौके पर ही कई मामलों का समाधान किया गया, जबकि लंबित प्रकरणों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

राज्य आयुक्त ने कहा कि मोबाइल कोर्ट का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना और प्रशासन को उनके द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि दिव्यांगजन बिना किसी परेशानी के योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उठा सकें। इसी उद्देश्य से विभिन्न विभागों की टीमों को मौके पर तैनात किया गया, ताकि प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, यूडीआईडी कार्ड तथा अन्य योजनाओं से संबंधित कार्य तत्काल पूरे किए जा सकें।

137 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए

मोबाइल कोर्ट में कुल 137 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर सुनवाई के बाद आदेश पारित किए गए। चिकित्सा विभाग द्वारा 26 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि एक पात्र व्यक्ति को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा 67 दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, एमआर किट और श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए।

राज्य आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय स्तर पर समाधान योग्य मामलों का तुरंत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। सीएमओ कार्यालय में सप्ताह में केवल एक दिन प्रमाण पत्र बनाए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने सप्ताह में कम से कम दो दिन शिविर लगाने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण पर जोर

उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लोग लाभ से वंचित न रहें। कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश बघेल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. गुप्ता, परियोजना निदेशक सत्येंद्र सिंह और जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story