डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर जताई नाराजगी, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के दिए निर्देश

Mainpuri News: मैनपुरी में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

Ashraf Ansari
Published on: 27 May 2026 8:59 PM IST
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही पर जताई नाराजगी, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के दिए निर्देश
X

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाया। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचाया जाए।जिलाधिकारी ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को समय से अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पतालों में दवाओं और जांच की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने आरबीएसके टीमों को विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित भ्रमण कर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए। जांच में किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में गर्भवती, धात्री महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य परीक्षण की भी समीक्षा की गई। डीएम ने आयरन और कैल्शियम की गोलियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए महिलाओं को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करने पर बल दिया, ताकि स्वस्थ बच्चों का जन्म हो सके। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए आशा एवं स्वास्थ्य कर्मियों को परिवारों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं के मानदेय भुगतान में देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और समय से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर भी डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल से 21 मई तक सीएचसी कुरावली में 237, जागीर में 308 और करहल में केवल 406 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिसे उन्होंने बेहद खराब स्थिति बताया। अधिकारियों को अभियान चलाकर शेष पात्र लोगों के कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।इसके अतिरिक्त डीएम ने अल्ट्रासाउंड सेंटरों की नियमित जांच, एंबुलेंस 102 एवं 108 सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता तथा क्षय रोगियों की देखभाल, पोषण पोटली वितरण और जननी सुरक्षा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में सीडीओ नेहा बंधु, सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Shalini singh

Shalini singh

News Publisher Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

उप संपादक | डिजिटल मीडिया पत्रकार

Next Story