TRENDING TAGS :
Mainpuri News: बेटा न होने पर विवाहिता से मारपीट, दहेज में कार की मांग
Mainpuri News: मैनपुरी में तीन बेटियों के जन्म के बाद विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए।
बेटा न होने पर विवाहिता से मारपीट, दहेज में कार की मांग (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी जिले में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि तीन बेटियों के जन्म के बाद से ससुराल वाले लगातार उसे प्रताड़ित कर रहे हैं और मायके से चार पहिया वाहन लाने का दबाव बना रहे हैं। थाना स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान महिला सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायती पत्र सौंपा।
हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी शादी, दान-दहेज भी दिया
मामला मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के इटोरा गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी अर्चना पत्नी लेखपाल ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वर्ष 2020 में उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के दौरान मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था। विवाह के बाद अर्चना ने तीन बेटियों को जन्म दिया, जिसके बाद से ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया।
पीड़िता का आरोप है कि बेटा न होने की बात कहकर पति लेखपाल, जेठ रोहित, सास माया देवी और ननद चांदनी उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। उसे अक्सर ताने दिए जाते हैं और मारपीट की जाती है। अर्चना का कहना है कि ससुराल वाले मायके से चार पहिया वाहन लाने की मांग कर रहे हैं और विरोध करने पर घर से निकालने तथा जान से मारने की धमकी देते हैं।
ससुराल पक्ष ने पीड़िता का मोबाइल भी छीन लिया
महिला ने बताया कि बीते रविवार को उसकी बहन की सूचना पर मायके पक्ष के लोग उसके घर पहुंचे थे। इस दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विरोध करने पर ससुराल पक्ष ने उसके पिता, भाई और मां के साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पीड़िता ने घटना का वीडियो मोबाइल से बनाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया।
अर्चना का कहना है कि उसने इस पूरे मामले की शिकायत थाना कोतवाली में की थी, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


