TRENDING TAGS :
Mainpuri News: दहेज उत्पीड़न का आरोप, विवाहिता ने चार वर्षीय बेटे को वापस दिलाने की लगाई गुहार
Mainpuri News: मैनपुरी में महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और घर से निकालने का आरोप लगाया। पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर बेटे को वापस दिलाने की मांग की।
दहेज उत्पीड़न का आरोप, विवाहिता ने चार वर्षीय बेटे को वापस दिलाने की लगाई गुहार (Photo- Newstrack)
Mainpuri News: मैनपुरी जिले में एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट कर घर से निकालने और अपने चार वर्षीय बेटे को जबरन अपने पास रखने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) के पदाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र सौंपा और मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता पूनम ने बताया
किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम धनियांपुर निवासी पूनम ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका विवाह 14 मई 2021 को शहर निवासी विक्रम सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। उनका कहना है कि विवाह के शुरुआती दिनों में पारिवारिक माहौल सामान्य रहा, लेकिन लगभग एक वर्ष बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि 17 जून 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उसके चार वर्षीय बेटे को भी अपने पास रख लिया गया। पूनम का कहना है कि उसे अपने बेटे से मिलने तक नहीं दिया जा रहा, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई- पूनम
पूनम ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत पहले कोतवाली मैनपुरी में भी दर्ज कराई थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से राहत न मिलने पर वह भारतीय किसान यूनियन (महाशक्ति) के पदाधिकारियों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसने प्रशासन से अनुरोध किया है कि या तो उसे उसकी ससुराल में सम्मानपूर्वक रहने की व्यवस्था कराई जाए अथवा उसके चार वर्षीय बेटे को उसे वापस दिलाया जाए। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


