Mainpuri News: दृष्टि सेवा समिति ने शिक्षा व पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की बनाई रणनीति

Mainpuri News: कुरावली में दृष्टि सेवा समिति ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिभा सम्मान और वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा बनाई।

Ashraf Ansari
Published on: 14 Jun 2026 9:39 PM IST
Mainpuri News: दृष्टि सेवा समिति ने शिक्षा व पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की बनाई रणनीति
X

Mainpuri News

Mainpuri News : मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र में सामाजिक और शैक्षिक विकास के लिए कार्यरत दृष्टि सेवा समिति ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर महत्वपूर्ण योजनाएं तैयार की हैं। गांधी नगर वेदन टोला स्थित समिति कार्यालय में रविवार शाम आयोजित बैठक में आगामी प्रतिभा सम्मान समारोह तथा व्यापक वृक्षारोपण अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के वरिष्ठ सदस्य रवि कुमार चक ने की।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 में कक्षा 5 से 12 तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। समिति का मानना है कि प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और उनके सम्मान से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल विकसित होगा।

बैठक के दौरान पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई। समिति ने समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया। इस अभियान में युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। समिति का लक्ष्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

दृष्टि सेवा समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राही ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल युवाओं का सम्मान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की आधारशिला होती है और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में समिति की एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

बैठक में दीपक कुमार राही, नेहा देवी, सरोजनी देवी, दुर्गेश चंद्र, मंगल सिंह, रवि कुमार और करन वाल्मीकि सहित समिति के कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने प्रस्तावित कार्यक्रमों की सफलता के लिए अपने सुझाव दिए और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। समिति ने क्षेत्रवासियों से भी इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story