Mainpuri News: जमीन विवाद से परेशान किसान पानी की टंकी पर चढ़ा, आश्वासन पर उतरा

Mainpuri News: मैनपुरी के किशनी तहसील क्षेत्र में जमीन विवाद से परेशान किसान 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया, प्रशासन के आश्वासन के बाद पांच घंटे में सुरक्षित नीचे उतरा।

Ashraf Ansari
Published on: 25 Jun 2026 9:55 PM IST
Farmer upset over land dispute pours on water tank, up on reassurance
X

जमीन विवाद से परेशान किसान पानी की टंकी पर चढ़ा, आश्वासन पर उतरा (Photo- Newstrack)

Mainpuri News: मैनपुरी जिले की किशनी तहसील में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जमीन विवाद से परेशान एक किसान 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। किसान का आरोप था कि उसकी करीब साढ़े तीन बीघा जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया है और कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घंटों तक समझाइश के बाद किसान को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

जानकारी के अनुसार, किशनी क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी 28 वर्षीय रोहित यादव पुत्र शिशुपाल सिंह किसान हैं। परिवार में उनकी पत्नी रचना देवी और दो जुड़वां बच्चे हैं। रोहित का आरोप है कि पहले ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जा किया गया और बाद में उसकी निजी साढ़े तीन बीघा जमीन पर भी जबरन नींव डालकर कब्जा कर लिया गया। उनका कहना है कि अब इस जमीन की अवैध प्लॉटिंग कर बेचने की तैयारी की जा रही है, जिससे उन्हें करीब 60 लाख रुपये का नुकसान होगा।

रोहित का आरोप है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत कई बार तहसील प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से आहत होकर वह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तहसील परिसर स्थित 70 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। उसने चेतावनी दी कि यदि उसकी जमीन को कब्जामुक्त नहीं कराया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेगा। शुरुआत में वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मौके पर बुलाने की मांग पर भी अड़ा रहा और स्थानीय अधिकारियों पर भरोसा न होने की बात कही।

मामले की निष्पक्ष जांच का मिल आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब पांच घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद एसडीएम (न्यायिक) संध्या शर्मा ने किसान को उसकी जमीन की दोबारा पैमाइश कराने, मामले की निष्पक्ष जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम करीब चार बजे रोहित सुरक्षित टंकी से नीचे उतर आया। किसान के नीचे उतरते ही प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story