Mainpuri News: स्मार्ट मीटरों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी

Mainpuri News: भाकियू टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर स्मार्ट मीटर हटाने, ट्रांसफार्मर बदलने और ओटीएस योजना लागू करने की मांग उठाई।

Ashraf Ansari
Published on: 11 May 2026 9:35 PM IST
Farmers protest against smart meters, chanting slogans against electricity department
X

स्मार्ट मीटरों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी (Photo- Newstrack)

Mainpuri News: मैनपुरी में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के नेतृत्व में किसानों ने स्मार्ट मीटरों के विरोध को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया। जिले भर से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पावर हाउस पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की।

स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे

किसानों का आरोप है कि प्रदेश में लगाए जा रहे प्रीपेड स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहे हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने विद्युत नियामक आयोग, लखनऊ के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन अधीक्षण अभियंता दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम को सौंपते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की।

भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष मुकेश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में किसानों ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था उपभोक्ताओं के हित में नहीं है। किसानों का कहना था कि स्मार्ट मीटरों में अधिक बिल आने और बार-बार रिचार्ज कराने जैसी समस्याओं से लोग परेशान हैं। उन्होंने मांग उठाई कि स्मार्ट मीटर हटाकर दोबारा पोस्टपेड मीटर लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और वे समय पर बिजली बिल जमा कर सकें।

प्रदर्शन के दौरान भाकियू नेताओं ने बिजली विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप भी लगाए। किसानों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुंके हुए ट्रांसफार्मर समय पर नहीं बदले जाते, जिसके कारण गांवों में कई दिनों तक बिजली संकट बना रहता है। उन्होंने मांग की कि निर्धारित समय सीमा में ट्रांसफार्मर न बदलने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

11000 केवी लाइन को हटाने की मांग

ज्ञापन में किसानों ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में हर महीने नियमित मीटर रीडिंग कराने तथा बिजली उपभोक्ताओं के हित में ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना लागू करने की मांग भी रखी। इसके अलावा किशनी ब्लॉक के ग्राम ख्वाजापुर रामनगर में गुजर रही 11000 केवी लाइन को हटाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसानों का कहना है कि इस लाइन के कारण कई हादसे हो चुके हैं और जनहित में इसे हटाना बेहद जरूरी है।

धरना प्रदर्शन में प्रदेश सचिव तिलक सिंह राजपूत, मंडल उपाध्यक्ष राजा ठाकुर, तहसील अध्यक्ष साबिर अली, नीरज कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story